Bihar

स्कॉर्पियो ने बुलेट सवार दंपति को रौंदा, SI की पत्नी की मौत, जानिए कहां हुआ भीषण हादसा

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

बाढ़ (PATNA): बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र में बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर की पत्नी की मौत हो गई, जबकि दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गए.हादसा सबनीमा गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ.

बाइक से अपने घर लौट रहे थे दंपत्ति

मिली जानकारी के अनुसार, सबनीमा गांव निवासी और बिहार पुलिस में एसआई के पद पर कार्यरत हरेराम शर्मा अपनी पत्नी रूबी देवी के साथ लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर गए थे. जलाभिषेक करने के बाद दोनों बुलेट बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान फोरलेन पर एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार

टक्कर इतनी तेज थी कि पति-पत्नी सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घायल दंपति काफी देर तक सड़क किनारे पड़े रहे. दोनों को गंभीर चोटें आई थीं और वे मदद की गुहार लगाते रहे. आरोप है कि वहां से गुजरने वाले कई लोग तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे नहीं आए.

पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. एसआई हरेराम शर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं उनकी पत्नी रूबी देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. शव का पोस्टमार्टम पीएमसीएच में कराया गया. अथमलगोला थानाध्यक्ष राहुल कुमार के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस ने दंपति को अस्पताल पहुंचाया. फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान के लिए फोरलेन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

 

TagsBihar