पटना (PATNA) : बिहार के शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए शनिवार को हाफ डे घोषित कर दिया है. विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में शनिवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही कक्षाएं संचालित होंगी. इसके बाद स्कूलों में छुट्टी कर दी जाएगी. इस निर्णय से विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों को राहत मिलने की उम्मीद है.
आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए गए हैं
इस संबंध में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जानकारी देते हुए कहा कि शनिवार को हाफ डे लागू करने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है. उनका कहना है कि 31 अक्टूबर तक शिक्षकों की सभी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा. इसके बाद छात्रों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.
शिक्षक स्थानांतरण को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी
शिक्षा मंत्री ने शिक्षक स्थानांतरण (ट्रांसफर) को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जो शिक्षक अब तक ट्रांसफर आवेदन नहीं दे पाए हैं, वे 17 सितंबर से आवेदन कर सकेंगे. विभाग के अनुसार कुल 1,06,287 शिक्षकों को आवेदन करना था, जिनमें से 73,151 शिक्षकों ने स्वैच्छिक ट्रांसफर के लिए आवेदन किया है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षकों का स्थानांतरण पांच वर्ष की सेवा अवधि के आधार पर किया जाएगा.
शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए चर्चा
इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने बताया कि बिहार में 9 और 10 अगस्त को दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्यभर से लगभग 350 से 400 अधिकारी और शिक्षा विभाग से जुड़े लोग शामिल होंगे. इस शिविर में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी.
शिक्षकों व छात्रों दोनों को सुविधा मिलेगी
शिक्षा विभाग का यह नया आदेश जल्द ही राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में लागू होगा. माना जा रहा है कि इससे विद्यालयों के संचालन में बेहतर व्यवस्था बनेगी और शिक्षकों व छात्रों दोनों को सुविधा मिलेगी.
