पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में राजद नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे. राजद ने पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ मार्च निकाला. राजद का मार्च पटना के जेपी गोलंबर से शुरू हुआ. इसमें पार्टी के सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. कई कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और तिरंगा लेकर प्रदर्शन में पहुंचे. तेजस्वी यादव खुद इस मार्च का नेतृत्व करते नजर आए.
युवाओं को रोजगार के लिए परेशान होना पड़ रहा है
राजद का आरोप है कि बिहार में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और युवाओं को रोजगार के लिए परेशान होना पड़ रहा है. पार्टी ने हाल में छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया है. तेजस्वी यादव ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए युवाओं और छात्रों की आवाज बुलंद करने की बात कही है. वहीं, राजद के प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस और जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए. जेपी गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, आयकर गोलंबर और सचिवालय सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई. प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई और वाटर कैनन तथा आंसू गैस की टीमों को भी तैयार रखा गया.
डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका
मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका. इसके बाद हालात तनावपूर्ण हुए और पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. बाद में तेजस्वी यादव को हिरासत में भी लिया गया. कुल मिलाकर राजद के इस प्रदर्शन के कारण बुधवार को पटना की सियासत और सड़कों दोनों पर हलचल तेज रही.
