Bihar

राजद के 30वें स्थापना दिवस पर लालू यादव का बड़ा संदेश, बोले- हम लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : राष्ट्रीय जनता दल ने अपना 30वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया. इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना स्थित राजद प्रदेश कार्यालय पहुंचे. हालांकि, राजद कार्यालय पहुंचने से पहले लालू प्रसाद यादव को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा. वीरचंद पटेल पथ पर लंबा जाम लगा होने के कारण उनका काफिला कुछ देर तक फंसा रहा. इसके बावजूद वह कार्यक्रम में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.

हम लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे

स्थापना दिवस समारोह में लालू प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा. उन्होंने कहा, "सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत कीजिए. हम लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे." उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया.

लालू प्रसाद यादव ने कहा कि राजद हमेशा गरीबों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है और आगे भी जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया.

पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील

इस दौरान तेजस्वी यादव भी मंच पर मौजूद रहे. उन्होंने भी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को देखते हुए पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की.

भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा

राजद के 30वें स्थापना दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, विधायक, सांसद और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए. पूरे परिसर में राजद के झंडे, बैनर और पोस्टर लगाए गए थे. कार्यकर्ताओं में स्थापना दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम के दौरान पार्टी की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की गई.

 

TagsBihar