Bihar

रिशु श्री टेंडर केस पर गरजे RJD सांसद सुधाकर सिंह, कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सांसद सुधाकर सिंह ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार के चर्चित रिशु श्री टेंडर मामले और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद किशोर को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच चारा घोटाले की तरह कोर्ट की निगरानी में कराई जानी चाहिए.

नुकसान पहुंचाने में उनकी बड़ी भूमिका

सुधाकर सिंह ने दावा किया कि बिहार के शिक्षा विभाग में घोटालों की शुरुआत आनंद किशोर के कार्यकाल से हुई. उनका आरोप है कि रिशु श्री को सबसे पहला टेंडर भी आनंद किशोर ने ही दिया था. उन्होंने आनंद किशोर को "सबसे बड़ा माफिया" बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है.

परीक्षा प्रणाली में लगातार पारदर्शिता की कमी

आरजेडी सांसद ने आरोप लगाया कि बिहार में पिछले 10 वर्षों के दौरान आयोजित कई परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं. उन्होंने कहा कि पहले राज्य में टॉपर घोटाला हुआ था और अब भी परीक्षा व्यवस्था में उसी तरह की गड़बड़ियां सामने आ रही हैं. उनके अनुसार, परीक्षा प्रणाली में लगातार पारदर्शिता की कमी रही है.

कथित हेराफेरी कर विदेशों में निवेश

सुधाकर सिंह ने मुख्य सचिव दीपक कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि आनंद किशोर समेत नौ आईएएस अधिकारियों को संरक्षण दिया गया. जिसके कारण कथित घोटाले होते रहे. उन्होंने दावा किया कि आनंद किशोर ने अरबों-खरबों रुपये की कथित हेराफेरी कर विदेशों में निवेश किया है.

ताकि सच सामने आ सके

सांसद ने कहा कि यदि सरकार उनके आरोपों को गलत मानती है तो अदालत का दरवाजा खटखटा सकती है. उनका कहना है कि उनके पास अपने आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं. उन्होंने दोहराया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच न्यायालय की निगरानी में होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके.

 

TagsBihar