☰
Bihar

बिहार में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की समीक्षा, स्कूलों और अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अभियान के तहत चल रहे कामों में तेजी लाने और उन्हें तय समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है. बैठक में अधिकारियों ने अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी. स्वास्थ्य उपकेंद्रों में जरूरत के अनुसार नए भवन बनाने, मरीजों और उनके परिजनों के बैठने के लिए प्रतीक्षालय तैयार करने और लोगों की मदद के लिए हेल्प डेस्क शुरू करने जैसे कामों पर चर्चा हुई.

मुख्यमंत्री ने स्कूलों की स्थिति सुधारने पर भी जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों में रंग-रोगन, चहारदीवारी और मरम्मत के काम जल्द पूरे किए जाएं. स्कूलों में साफ शौचालय, शुद्ध पेयजल, बिजली और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. जहां कमरों की कमी है, वहां अतिरिक्त क्लासरूम बनाए जाएं. जिन स्कूलों के पास अपना भवन नहीं है, वहां भवन निर्माण का काम भी कराया जाए. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में तेजी लाने को कहा. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, अनुमंडल और जिला अस्पतालों में साफ-सफाई और मरीजों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि इलाज कराने आने वाले लोगों को परेशानी न हो.

बैठक में बस अड्डों की साफ-सफाई और सुंदरता बढ़ाने के साथ यात्रियों की सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने शहरी और ग्रामीण इलाकों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द चालू कराने और जरूरत के अनुसार नई लाइटें लगाने का निर्देश दिया. इसके अलावा सार्वजनिक नलकूपों की मरम्मत कर उन्हें चालू हालत में रखने को कहा, ताकि लोगों को पानी की सुविधा मिल सके. मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और काम की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया. बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

TagsBihar