☰
Bihar

बिहार के कई जिलों में हुई बारिश, तापमान में हो सकती है गिरावट, मौसम विभाग ने कहा...

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार में चक्रवाती तूफान अकवान का अब असर दिखने लगा है. रविवार को कई जिलों में बारिश हुई तो दूसरी तरफ कई जिलों में बादल घिरा हुआ है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तापमान में दो से 3 डिग्री गिरावट होने की बात कही है. बताया जा रहा है कि मुंगेर, बांका, भागलपुर, बेगूसराय, नालंदा में बारिश हुई है जबकि जमुई, खगड़िया, मधेपुरा और कटिहार में भी बूंदाबांदी हुई है.

मौसम विभाग ने अकवान की वजह से 20 से 22 नवंबर के बीच पूर्वी और मध्य बिहार के जिलों में बारिश की संभावना जताई थी. हालांकि अब तूफान का असर कम होने लगा है. मौसम विभाग की मानें तो राजधानी पटना समेत गया, नवादा, नालंदा, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर और रोहतास में बारिश की संभावना नहीं है. इसके साथ ही उत्तर बिहार में मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी तथा पश्चिमी चंपारण के लिए कोई चेतावनी नहीं है जबकि सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भी मौसम सामान्य रहेगा.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 नवंबर के बाद मौसम ठीक रहेगा. दिन में तेज धूप निकलेगा, जबकि रात में भी न्यूनतम तापमान में कमी हो सकती है. बारिश का असर कम होने के बाद भी दिन के तापमान में फिलहाल बड़ी बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं. पटना में अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. गया, औरंगाबाद, डेहरी समेत दक्षिण बिहार के अन्य जिलों में भी तापमान में बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है. हालांकि, सुबह और देर रात ठंड का एहसास बढ़ सकता है. ऐसे में दिन में धूप और सुबह-शाम ठंड के बीच लोगों को मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे.

TagsBihar