☰
Bihar

नेपाल में बारिश से बढ़ा गंडक का जलस्तर, विजय चौधरी बोले- सतर्क रहें, घबराएं नहीं

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): नेपाल के गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद बिहार में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई है. वाल्मीकिनगर बैराज में पानी का डिस्चार्ज बढ़ रहा है. बिहार के उप मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि नेपाल में हुई बारिश के कारण आने वाले समय में गंडक का जलस्तर और बढ़ सकता है. विभाग के अधिकारियों को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है. बिहार सरकार ने पहले भी गंडक और कोसी के संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी और तटबंधों की सुरक्षा के निर्देश दिए हैं.

विजय चौधरी ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. हालांकि, पानी बढ़ने की संभावना को देखते हुए नदी के आसपास और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी स्थिति का पूर्वानुमान लगाया जाता है, लेकिन हर बार परिस्थितियां अनुमान के मुताबिक ही रहें, यह जरूरी नहीं है. ऐसे में प्रशासन और जल संसाधन विभाग पूरी तरह मुस्तैद हैं. किसी इलाके में परेशानी होने पर लोग तत्काल सूचना दें, ताकि समय पर समाधान और राहत की कार्रवाई की जा सके. नेपाल में बारिश के बाद गंडक के किनारे वाले इलाकों में प्रशासन की निगरानी भी बढ़ाई गई है.

राहुल गांधी के SIR से जुड़े बयान पर विजय चौधरी ने कहा कि बिहार में SIR की प्रक्रिया के दौरान सरकार की ओर से पारदर्शिता बरती गई और विधानसभा में भी सदस्यों से पूछा गया था कि कहीं कोई योग्य मतदाता छूटा है या नहीं. उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई. वहीं, प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ में आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत सरकार की नीति स्पष्ट है. कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना का होना चिंता की बात है और सरकार की जिम्मेदारी है कि मामलों की जांच कर कार्रवाई करे. उन्होंने कहा कि बच्चियों के साथ हुई घटनाओं में भी कार्रवाई की गई है और ऐसी घटनाओं को रोकना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए.

TagsBihar