☰
Bihar

बिहार विधानसभा में तेजस्वी यादव को लेकर उठा सवाल, कृषि मंत्री ने पूछा- आखिर कहां हैं नेता प्रतिपक्ष?

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी का मुद्दा सदन में जोर-शोर से उठा. बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सदन में सवाल करते हुए कहा कि आखिर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कहां हैं. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार चौथे दिन भी सदन में मौजूद नहीं हैं और यह जानना जरूरी है कि वह स्वस्थ हैं या नहीं तथा किस जगह पर हैं.

तेजस्वी यादव कहां हैं और सदन में क्यों नहीं आ रहे हैं

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष एक संवैधानिक और जिम्मेदार पद है. ऐसे में सदन की भी जिम्मेदारी बनती है कि उनकी अनुपस्थिति की जानकारी ली जाए. उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों से पूछा कि वे बताएं कि तेजस्वी यादव कहां हैं और सदन में क्यों नहीं आ रहे हैं.

सवाल पर आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत का जवाब

कृषि मंत्री के सवाल पर आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत ने जवाब देते हुए कहा कि तेजस्वी यादव पूरी तरह स्वस्थ हैं. इसके साथ ही उन्होंने पलटवार करते हुए पूछा कि निशांत कुमार कहां हैं यह भी बताया जाए.

निशांत कुमार हर दिन बिहार विधानसभा आते हैं

आरजेडी विधायक की इस टिप्पणी पर विधानसभा अध्यक्ष ने तुरंत आपत्ति जताई. अध्यक्ष ने कहा कि निशांत कुमार का इस चर्चा से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि निशांत कुमार हर दिन बिहार विधानसभा आते हैं और विधानसभा परिसर में मौजूद रहते हैं. इसके बाद अध्यक्ष ने फिर आरजेडी के विधायकों से पूछा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आखिर कहां हैं और उनकी गैरमौजूदगी की वजह क्या है.

सदन में कुछ देर तक इस मुद्दे को लेकर चर्चा होती रही

हालांकि, अध्यक्ष के दोबारा पूछने के बावजूद आरजेडी का कोई भी विधायक सदन में यह नहीं बता सका कि तेजस्वी यादव कहां हैं या उनकी अनुपस्थिति का कारण क्या है. इसके बाद सदन में कुछ देर तक इस मुद्दे को लेकर चर्चा होती रही.

सवाल ने विधानसभा में राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया

तेजस्वी यादव की लगातार गैरहाजिरी को लेकर उठे इस सवाल ने विधानसभा में राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया। सत्ता पक्ष ने इसे नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी से जोड़ा, जबकि विपक्ष की ओर से उनकी अनुपस्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई.

 

TagsBihar