Bihar

पटना को जाम-मुक्त बनाने की तैयारी, AI से 30-60 मिनट पहले मिलेगा ट्रैफिक जाम का अलर्ट

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): राजधानी पटना को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए पथ निर्माण विभाग ने विशेष पहल शुरू की है. शनिवार को विश्वेश्वरैया भवन स्थित विभाग के सभागार में “यातायात जाम के प्रबंधन एवं समाधान” विषय पर एक दिवसीय उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने की. इसमें पूर्व CRRI निदेशक और IIT बॉम्बे के पूर्व प्रोफेसर प्रो. पी.के. सिकदर तथा Arcadis IBI Group के Country Head वेंकटा चुंदुरू ने भाग लिया. बैठक में पटना की बढ़ती आबादी, वाहनों का दबाव, अतिक्रमण, ट्रैफिक नियमों और सड़क दुर्घटनाओं समेत जाम की प्रमुख वजहों पर चर्चा की गई. डाक बंगला, पटना जंक्शन रोड, जीपीओ गोलंबर, एग्जीबिशन रोड, बोरिंग रोड, गांधी मैदान, पीएमसीएच, अशोक राजपथ, सगुना मोड़, अनीसाबाद और बेली रोड जैसे इलाकों को प्रमुख ट्रैफिक दबाव वाले क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया.

कार्यक्रम में Arcadis की ओर से “Mission Sugam Patna: ASTraM and SOS” नाम से तैयार तकनीकी ड्राफ्ट पेश किया गया. इसमें AI, डेटा एनालिटिक्स और एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का प्रस्ताव रखा गया. इसके तहत AI मॉडल 30 से 60 मिनट पहले संभावित ट्रैफिक जाम का अनुमान लगाएगा और जरूरत के अनुसार सिग्नल व डायवर्जन को समायोजित करने में मदद करेगा. ई-रिक्शा और ऑटो के अनियंत्रित ठहराव को रोकने के लिए जियोफेंसिंग, वर्चुअल स्टैंड और शेड्यूलिंग की व्यवस्था का सुझाव दिया गया. इसके अलावा मेट्रो स्टेशनों के आसपास भीड़ और ड्रॉप-ऑफ मैनेजमेंट, ट्रैफिक जवानों की अटेंडेंस मॉनीटरिंग और अवैध पार्किंग व अतिक्रमण की पहचान जैसे उपायों पर भी चर्चा हुई.

प्रस्तावित व्यवस्था में सड़क दुर्घटनाओं की AI से पहचान कर नजदीकी एंबुलेंस को तत्काल अलर्ट भेजने और ग्रीन कॉरिडोर के जरिए घायल को जल्द अस्पताल पहुंचाने की योजना भी शामिल है. बारिश और जलजमाव के दौरान प्रभावित सड़कों की पहले से जानकारी देकर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट करने पर भी जोर दिया गया. बैठक में पटना समेत राज्य के प्रमुख शहरी क्षेत्रों में यातायात दबाव कम करने के लिए ठोस और क्रियान्वयन योग्य कार्ययोजना तैयार करने की बात कही गई. कार्यक्रम में BSRDCL के प्रबंध निदेशक, पटना नगर आयुक्त, Traffic SP, BRPNNL के प्रबंध निदेशक, जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम के बाद प्रो. पी.के. सिकदर समेत अधिकारियों ने पथ निर्माण विभाग के Integrated Control and Command Center का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली.

TagsBihar