पटना: बिहार में आस्था का महापर्व छठ की तैयारी जोरशोर से की जा रही है. राजधानी पटना समेत सभी जिलों में छठ घाटों की साफ सफाई जारी है. इसी कड़ी में पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या की संभावना को देखते हुए जिले के सभी छठ घाटों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं छठव्रतियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करें.
खतरनाक घाटों पर तत्काल करें बैरिकेडिंग
जिलाधिकारी ने कहा कि अब तक चिह्नित सभी खतरनाक घाटों पर तत्काल बैरिकेडिंग कराई जाए तथा उन्हें खतरनाक घाट के रूप में स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाए, ताकि श्रद्धालु वहाँ जाने से बचें. उपयुक्त घाटों तक मुख्य सड़क से पहुँच पथ की मरम्मति में तेजी लाने के साथ घाटों की साफ-सफाई भी समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए. आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक घाटों का भी निर्माण कराया जाए. उन्होंने घाटों पर सीढ़ियों, कपड़े बदलने के लिए निर्धारित स्थान, वाहन पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं पर्याप्त संख्या में वाचटावर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा छठ घाटों पर की जाने वाली व्यवस्थाएँ पूर्व की तुलना में और बेहतर हों.
प्रकाश के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं करें सुनिश्चित
डीएम ने नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं, विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को घाटों पर की जा रही प्रकाश व्यवस्था, विद्युत वायरिंग एवं अन्य कनेक्शनों की जांच करने को कहा. पूजा समितियों द्वारा लिए जा रहे अस्थायी विद्युत कनेक्शनों की भी जांच कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जिलाधिकारी ने घाटों की तैयारियों से जुड़े सभी 21 सेक्टर अधिकारियों से उनके-अपने क्षेत्रों में अब तक की गई तैयारियों एवं शेष आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने जिले के अन्य अनुमंडलों में भी छठ घाटों की तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं छठव्रतियों की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया.
पटना नगर निगम क्षेत्र के 109 सहित जिले के 458 छठ घाटों पर तैयारियाँ जारी
बैठक में नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने नगर निगम पटना एवं अन्य नगर निकायों की ओर से छठ घाटों पर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पटना नगर निगम क्षेत्र के 109 छठ घाटों पर तैयारी की जा रही है. घाटों एवं स्थायी तालाबों की साफ-सफाई के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 60 कृत्रिम तालाबों का भी निर्माण कराया जा रहा है, ताकि उन्हें सुविधाजनक वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध हो सके. पटना नगर निगम अंतर्गत 109 छठ घाटों सहित पूरे जिले में 458 घाटों पर छठ महापर्व की तैयारी की जा रही है.
सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सुगम यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर दिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को अभी से ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने तथा उसका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का भौतिक सत्यापन करने तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक तैयारियों का आकलन करने का भी निर्देश दिया.