Bihar

प्रशांत किशोर ने ली विधायक पद की शपथ, बांकीपुर से जीत के बाद नई पारी शुरू,पढ़ें पूरी खबर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने विधायक पद की शपथ ली. पटना स्थित बिहार विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के कार्यालय कक्ष में उन्हें पद की शपथ दिलाई गई. इसके साथ ही बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद प्रशांत किशोर की नई राजनीतिक पारी औपचारिक रूप से शुरू हो गई.

निर्धारित प्रक्रिया के तहत विधायक पद की शपथ ली

सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे प्रशांत किशोर बिहार विधानसभा पहुंचे. विधानसभा के गेट पर उन्होंने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया. इसके बाद जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय कक्ष में पहुंचे. यहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्होंने विधायक पद की शपथ ली. प्रशांत किशोर की विधानसभा में एंट्री को बिहार की राजनीति में अहम माना जा रहा है. उन्होंने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 19,246 वोटों के बड़े अंतर से हराया था. बांकीपुर सीट को भाजपा का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है.

जन सुराज के लिए भी महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि

3 अगस्त को हुई मतगणना में प्रशांत किशोर को कुल 64,117 वोट मिले थे. यह कुल मतदान का 49.23 प्रतिशत था. भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 44,794 वोट मिले और उनका मत प्रतिशत 34.4 रहा. वहीं, राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता 14,263 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. उन्हें 10.95 प्रतिशत वोट मिले. इससे पहले 2025 के विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता इसी सीट पर दूसरे स्थान पर रही थीं.बांकीपुर में मिली जीत के बाद प्रशांत किशोर का विधायक बनना जन सुराज के लिए भी महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है. अब विधानसभा के अंदर उनके रुख और जन सुराज की आगे की रणनीति पर राजनीतिक नजरें रहेंगी.

 

TagsBihar