Bihar

बंटी यादव हत्याकांड पर गरमाई सियासत, परिवार से मिले प्रशांत किशोर, सरकार पर साधा निशाना

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बंटी यादव हत्याकांड पर गरमाई सियासत, परिवार से मिले प्रशांत किशोर, सरकार पर साधा निशाना

पटना (PATNA) : बंटी यादव हत्याकांड को लेकर बिहार की राजनीति लगातार गर्म होती जा रही है. जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर एक बार फिर मृतक बंटी यादव के परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार से दोषियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की.

प्रशांत किशोर ने राज्य सरकार पर कटाक्ष किया

मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने राज्य सरकार पर कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि जब सरकार के शीर्ष स्तर से ऐसे बयान दिए जाते हैं, जिनमें "हरा गमछा देखकर गोली मारो" और "जाति पूछकर गोली मारो" जैसी बातें कही जाती हैं, तो समाज में गलत संदेश जाता है. उनके मुताबिक, इस तरह के माहौल में ऐसी घटनाओं को रोक पाना मुश्किल हो जाता है.

कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सरकार की है

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सरकार की है. यदि पुलिस समय पर और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करती, तो शायद इस घटना को रोका जा सकता था. उन्होंने कहा कि बंटी यादव की हत्या के मामले में जिन पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया

इस दौरान प्रशांत किशोर ने बंटी यादव की मां से भी मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी नजर

बंटी यादव हत्याकांड को लेकर अब माहौल गर्म हो गई है. एक तरफ विपक्ष सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, तो दूसरी ओर प्रशांत किशोर ने भी इस मुद्दे को सरकार की जवाबदेही से जोड़ते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं. फिलहाल, इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है और सभी की नजर सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.