पटना (PATNA): राजधानी पटना के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने वाली है. बिजली व्यवस्था से जुड़े रखरखाव कार्य के कारण शहर के पांच फीडरों को अलग-अलग समय पर बंद किया जाएगा. इसका असर करीब 30 इलाकों में देखने को मिल सकता है. अलग-अलग क्षेत्रों में लगभग एक से तीन घंटे तक बिजली की सप्लाई बाधित रहने की संभावना है. ऐसे में लोगों को निर्धारित समय से पहले बिजली से जुड़े जरूरी काम निपटा लेने की सलाह दी जा सकती है.
सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक जीएम रोड, स्टेट बैंक क्षेत्र, अशोक राजपथ, मखनिया कुआं, खुदा बख्श लाइब्रेरी, बंगाली अखाड़ा और पटना मार्केट में बिजली बंद रहेगी. वहीं सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चूल्हाइचक, हरिदासपुर, अभिमन्यु नगर, रेलवे कॉलोनी और रूपसपुर नहर रोड में बिजली आपूर्ति बाधित होगी. रामपुर गाड़ीखाना, मुस्तफापुर, रामपुर और दालूचक में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली कटौती निर्धारित है. इसके अलावा आरएमएस कॉलोनी और ईस्ट इंदिरा नगर में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी.
सोनभवन परिसर में ट्रांसफॉर्मरों में लगी थी आग
इस बीच आर ब्लॉक स्थित सोनभवन परिसर के पिछले हिस्से में सोमवार सुबह करीब 9 बजे तीन बिजली ट्रांसफॉर्मरों में आग लग गई थी. सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली.
ज्यादा बिजली खपत वाले घरों की बनेगी सूची
पटना में हर महीने 300 यूनिट से अधिक बिजली इस्तेमाल करने वाले घरों की पहचान भी की जाएगी. जिला प्रशासन ने विद्युत कार्यपालक अभियंता को ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है. यह सूची नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को दी जाएगी. इसके बाद संबंधित मकान मालिकों को छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करने की योजना है.
