Bihar

बांकीपुर चुनाव से पहले पोस्टर वार : पटना में प्रशांत किशोर को लेकर लगे पोस्टर, नगर निगम ने तुरंत हटवाए

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बांकीपुर चुनाव से पहले पोस्टर वार : पटना में प्रशांत किशोर को लेकर लगे पोस्टर, नगर निगम ने तुरंत हटवाए

पटना (PATNA) :राजधानी पटना में विधानसभा चुनाव का माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है. इसी बीच बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र को लेकर चुनावी सियासत में पोस्टर वार भी शुरू हो गया है. राजधानी के कई इलाकों में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर को लेकर पोस्टर लगाए गए, जिसने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी.

राजनीतिक तंज के रूप में देखा जा रहा है

पोस्टर में प्रशांत किशोर को टोपी पहने हुए दिखाया गया है. साथ ही उस पर लिखा गया है, "के.सी. सिन्हा तो झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है." इस संदेश को प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी पर राजनीतिक तंज के रूप में देखा जा रहा है.

नगर निगम की टीम ने पोस्टर हटवाया

हालांकि, यह पोस्टर ज्यादा देर तक सार्वजनिक स्थानों पर नहीं रह सका. जैसे ही इसकी जानकारी पटना नगर निगम को मिली, अधिकारियों ने आचार संहिता का हवाला देते हुए तत्काल कार्रवाई की. नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों से इन पोस्टरों को हटवा दिया. चुनाव के दौरान बिना अनुमति लगाए गए पोस्टरों और बैनरों पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाती है.

यह मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय

पोस्टर हटाए जाने के बावजूद यह मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है. राजनीतिक गलियारों में इसे प्रशांत किशोर को घेरने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये पोस्टर किस संगठन या व्यक्ति की ओर से लगाए गए थे

पोस्टरों को हटाने का अभियान जारी रहेगा

बांकीपुर विधानसभा सीट इस बार पहले से ही राजनीतिक रूप से काफी चर्चाओं में है. ऐसे में पोस्टर वार ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस मामले पर प्रशांत किशोर या उनकी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है या नहीं. वहीं, प्रशासन का कहना है कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति लगाए गए पोस्टरों को हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा.