☰
Bihar

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे सीएम सम्राट, कहा -आपके सपनों को हम लगातार बढ़ा रहे आगे

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद सीएम सम्राट ने मीडिया से भी बातचीत की और कहा कि मैं प्रधानमंत्री की तरफ से उन्हें बधाई देने आया हूं. साथ ही उनको यह जानकारी दी कि देखिए आपके सपने को आगे बढ़ाया जा रहा है. मुख्यमंत्री रहते आपने जो कोशिशें की और मुद्दे उठाए उस मामले में अब आगे की कार्रवाई की जा रही है और आपके सपनों का बिहार बनाने की कोशिश की जा रही है.

सीएम सम्राट ने कहा कि नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री रहते हुए नदियों से गाद निकालने को लेकर एक नीति बनाने की बात करते थे. अब इस मामले में हमने एक कमिटी बनाई है तथा केंद्र सरकार के साथ एक समझौता भी किया है. अब बिहार की नदियों से भारत सरकार गाद निकालेगी. इससे बाढ़ की समस्या से भी निजात मिलेगी. राष्ट्रीय स्तर पर भी इस दिशा में काम किया जा रहा है. हमने पथ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की है. मैं नीतीश कुमार जी को बधाई देता हूं कि बिहार में उन्होंने कई व्यवस्थाएं दी है, सुशासन दिया है. नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में संगठित अपराध बिहार से मुक्त कर दिया. अब हम नीतीश कुमार के सुशासन को आगे बढ़ा रहे हैं. हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नीतीश कुमार जी के सहयोग से बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं.

सीएम सम्राट ने कहा कि दिल्ली में मैने कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की. हमने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि छठ और दिवाली में बिहार के रहने वाले लोगों के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाए. पिछली बार 10 हजार से अधिक ट्रेन चलाई गई थी, इस बार उससे अधिक ट्रेन चलाने का आग्रह किया है ताकि पर्व में जो लोग बिहार आना चाहते हैं वह आसानी से आ सकें. इसके साथ ही आईएमसी गया में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बन रहा है तो मैने आग्रह किया है कि ऐसी व्यवस्था बिहार में पांच और जगह किया जाए. हमने मुजफ्फरपुर और दरभंगा का प्रस्ताव दे दिया है. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमें विश्वास है कि बिहार में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बन पाएगा. साथ ही और भी जगह पर जमीन उपलब्ध कराई जा रही है.

सीएम सम्राट ने कहा कि अब तक हमने 13 हजार एकड़ जमीन कम से कम 1 हजार कंपनियों को उपलब्ध कराया है और भी आगे धीरे धीरे कर रहे हैं. बिहार में डाटा सेंटर बन कर तैयार हो गया है, उसका मैने खुद उद्घाटन भी किया है. पर्यावरण विभाग से भी आग्रह किया है कि इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जो बन रहे हैं वहां जल्द से जल्द पर्यावरण विभाग से अनुमति मिले, इको टूरिज्म के लिए सहमति मिले. हमने सहमति मांगी है कि इको टूरिज्म के लिए अन्य राज्यों की तरह सहमति दी जाए.

सीएम सम्राट ने गाद प्रबंधन को लेकर कहा कि जो सहमति बनी है उसके अनुसार लगभग 4 लाख क्यूबिक मीटर गाद विभिन्न नदियों से निकाली जाएगी. इसके लिए हमने भारत सरकार से एक एमओयू भी साइन किया है. उस गाद को हम अपने उपयोग में भी लाएंगे. पहला फायदा है कि भीषण बाढ़ से निजात मिलेगा और खेतों से मिट्टी काटने से भी निजात मिलेगा.

इस दौरान सीएम सम्राट ने कहा कि अब भगवान राम की जन्मस्थली से मां सीता के जन्मस्थान को सीधा जोड़ने को लेकर बातचीत हुई है और बहुत जल्द दोनों जगहों के बीच ट्रेन चलाई जाएगी.

TagsBihar