पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव में इस बार राजद का भी खाता खुला है और पटना शिक्षक सीट के प्रत्याशी डॉ संजीव कुमार सिंह ने भाजपा के 30 वर्षों के किला को ढहा दिया है. अपने प्रत्याशी की जीत के बाद राजद में हर्ष का माहौल है. विधान परिषद चुनाव परिणाम के बाद राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी. इस दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा विभाग में कुछ बेहतर बदलाव होंगे.
जीते हुए लोग सदन में उठाएं मुद्दा
तेजस्वी ने कहा कि अभी शिक्षा विभाग की जो हालत है, स्कूल से लेकर विश्वविद्यालय तक पढ़ाई नहीं हो रही, रोजगार नहीं मिल रहे, उम्मीद है कि जो लोग जीते हैं वह शिक्षकों और स्नातकों की समस्या को सदन में उठाएंगे. जिन लोगों ने हमारे उम्मीदवारों का समर्थन किया, मत दिया उन्हें दिल से धन्यवाद देते हैं. इससे पहले हमने स्नातक या शिक्षक का चुनाव नहीं जीते हैं, आज खुशी की बात है कि हमने भाजपा का 30 साल पुरानी किला को ढहाया है.
कई जगहों पर जानबूझ कर की गई देरी
तेजस्वी ने कहा कि हम चुनाव आयोग की तरफ पारदर्शिता नहीं रखी गई. कई जगहों पर जानबूझ कर विलंब किया गया. 4 में से 3 सीट पर जो राजद नहीं जीत सकी उसे 6 बजे तक घोषित कर दिया गया जबकि जहां हमारे उम्मीदवार जीत रहे थे वहां देर रात घोषणा की गई. विलंब का क्या कारण था? सूचना का कोई आदान प्रदान नहीं हो रहा था, न सीसीटीवी की व्यवस्था थी.
भाजपा के इशारे पर नाच रहा चुनाव आयोग
चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर नाच रहा है. हम संवैधानिक संस्थाओं का विरोध नहीं करते हैं लेकिन जो संस्थान भाजपा का समर्थन करता है उसका विरोध करते हैं. तेजस्वी ने कांग्रेस के विरोध मार्च का समर्थन करते हुए शामिल होने की भी बात कही. चुनाव आयोग के बारे में कोई कुछ कहे लेकिन सब मौन है. खुलासा पर एक भी जवाब किसी ने नहीं दिया, शिक्षक और स्नातक चुनाव में लोग पहले से वोटर बनाते हैं. इस बार हमलोग एक सीट जीते हैं, जहां मतगणना जारी है वहां भी अंतर अधिक नहीं है. अभी देखते हैं कि परिणाम क्या होता है। अगली बार से हम और भी मजबूती से इस चुनाव में उतरेंगे.
भाजपा पर तंज
जो लोग दिखावटी और बनावटी प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं, चोर मचाये शोर. आप सारे संस्थाओं को खरीद रहे हैं, विधायकों को खरीद रहे हैं. हर जगह भाजपा के एजेंटों को संस्थाओं में बैठाया गया है, अपराधिक छवि के लोगों को बढ़ावा दिया जा रहा है. इन लोगों ने अब कुछ बेच दिया है. भाजपा केवल मुद्दे को भटकाना चाहती है. उन्होंने कहा कि नवल किशोर ने जो फर्जी वोट बनाए थे उसमें साढ़े 5 हजार कोर्ट से खत्म करवाया गया. और भी क्षेत्रों में इन लोगों ने फर्जीवाड़ा किया है. हमलोग लगातार अधिकारियों के सामने आवाज उठाई है. तंत्र मंत्र की सरकार में चोरी से आये लोग बैठे हैं.