☰
Bihar

तेजस्वी ने सीएम सम्राट को बताया नासमझ और अनाड़ी, कहा 'अधिकारी भी नहीं लेते हैं गंभीरता से'

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार में हमेशा ही राजनीतिक माहौल गर्म रहता है. इस बीच त्योहारो के बीच एक बार फिर विभिन्न मुद्दों को लेकर राजनीति तेज है. राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा और राज्य की एनडीए सरकार पर जोरदार हमला. तेजस्वी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को आपराधिक प्रवृति का बताते हुए उन्हें अनाड़ी तक कह दिया और कहा कि वोट चोरी के बाद मनोनीत मुख्यमंत्री को जनता की समस्याओं और हितों से कोई मतलब ही नहीं है. उनकी परिपक्वता की वजह से अधिकारी भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते हैं और राज्य में अपराधी तथा माफियाओं का राज शुरू हो गया है. तेजस्वी ने राज्य के लॉ एंड ऑर्डर को लेकर भी बड़ा हमला बोला है.

तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि मुख्यमंत्री से बिहार संभल ही नहीं रहा है और राज्य में अपराधी पुलिस तंत्र पर हावी हो रहे हैं. राज्य में अपराधी पुलिसकर्मियों की हत्या कर रहे हैं वहीं पुलिस भी अपनी नाकामी छुपाने के लिए निर्दोष लोगों की हत्या कर रही है. इसके साथ ही तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को नौसिखिया, नासमझ और मनोनीत मुख्यमंत्री बताया.

तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि बिहार वित्तीय अराजकता, प्रशासनिक कुव्यवस्था, बदइंतज़ामी, अनुशासनहीनता और राजशून्यता का पर्याय बन चुका है. कुशासन, बदहाल विधि व्यवस्था और भ्रष्टाचार एनडीए सरकार में गहरी व गंभीर संरचनात्मक समस्या बन चुका है जो सरकार और समाज के हर स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति एवं व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है. हर स्तर पर माफिया का राज है. इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि अपराधी पुलिस की हत्या कर रहे है और पुलिस अपनी ख़ामियाँ छुपाने के लिए निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रही है.

आपराधिक प्रवृत्ति के अनाड़ी मुख्यमंत्री से बिहार संभल नहीं रहा है जिससे बिहार में अराजक और विध्वंसक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है. बिहार में गवर्नेंस नाम की कोई चीज़ ही नहीं है. मनोनीत मुख्यमंत्री के अल्पज्ञान, अनाड़ी कार्यशैली एवं अकुशलता के कारण अधिकारी इन्हें गंभीरता से नहीं ले रहे है. जनसमस्याओं का निदान, जनसरोकर और जनजीवन को बेहतर बनाना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता ही नहीं है और यही वजह है कि नावाकिफ अपरिपक्व मुख्यमंत्री लोक कल्याणकारी मुद्दों की बजाय ग़ैर वाजिब मुद्दों को तरजीह देते रहते है. नौकरी-रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व विधि व्यवस्था, औद्योगिक तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार, टेक्नोलॉजी, विकास एवं निवेश तो मुख्यमंत्री के शब्दकोश में ही नहीं है. मुख्यमंत्री के नौसखियापन, नासमझी और कम-अक़्ली के कारण पुलिस और प्रशासन बेलगाम है. भ्रष्टाचार सारी सीमाएँ तोड़ चुका है. वोट चोरी से सत्ता में आए सत्यापित ठगों ने क्या बिहार को बर्बादी के गर्त में धकेलने के लिए मनोनीत मुख्यमंत्री के हाथों में बागडोर सौंपी है?

तेजस्वी के सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सीएम सम्राट पर जोरदार हमला के बाद छठ महापर्व के त्योहारी माहौल में राजनीति एक बार फिर गर्म होने की संभावना है. राजनीतिक जानकारों की मानें तो तेजस्वी के बयान पर भाजपा भी शांत नहीं रहने वाली है और पलटवार जरूर करेगी.

TagsBihar