☰
Bihar

अशोक चौधरी विवाद पर तेजस्वी ने सरकार पर बोला हमला, राहुल गांधी के बयान का समर्थन, दो MLC को लेकर भी...

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को अचानक पार्टी कार्यालय पहुंच गए. इस दौरान तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और बिहार में मंत्री अशोक चौधरी के मंत्री रहते हुए नौकरी करने के मामले में राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला. इस दौरान तेजस्वी ने दो निर्दलीय एमएलसी के भाजपा की सदस्यता लेने और सदन की सदस्यता रद्द करने पर विधान परिषद के जवाब को बहाना बताया.

सम्राट सरकार में नियमों की लगातार उड़ाई जा रही धज्जियां

तेजस्वी यादव ने अशोक चौधरी के विवाद पर बात करते हुए कहा कि सम्राट चौधरी की सरकार में नियमों की लगातार धज्जियां उड़ रही है. उन्होंने कहा कि इस मामले में कल हमारे राज्यसभा सांसद मनोज झा ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर पूरी बात को स्पष्ट किया है. यह एक बड़ा फ्रॉड चल रहा है जिसपर लोकभवन ने भी कड़ा एतराज जाहिर किया है. सम्राट चौधरी की सरकार में नियमों को कूड़ेदान में डाल कर काम किया जा रहा है. कोई मंत्री रहते हुए नौकरी कर रहा है, कोई सदन का सदस्य रहते हुए पार्टी की सदस्यता ले रहा है और कार्रवाई नहीं हो रही है.

अशोक चौधरी को मंत्री पद से हटाए सरकार

तेजस्वी ने कहा कि अशोक चौधरी के कई मामले सामने आए हैं लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई. यह एक गंभीर मामला है और वह इस पद पर नहीं रह सकते हैं. सरकार को चाहिए कि गंभीरता से मामले में कार्रवाई करे और उन्हें मंत्री पद से हटाए, सदन की सदस्यता रद्द होनी चाहिए. सम्राट चौधरी कहते हैं, सुशासन है लेकिन उनके राज्य में पूरी तरह से दादागिरी हो रही है. ये लोग बाबा साहेब के संविधान को, विधानमंडल की नियमावली को नहीं मान रहे हैं. कोई भी व्यक्ति कानून से बड़ा नहीं है. मंत्री रहते हुए लगभग 60 की उम्र में प्रोफेसर बन गए, भगवान ही जाने क्या पढ़ाते हैं. सम्राट चौधरी के राज में जो अधिकारी पैसा दे कर ट्रांसफर पोस्टिंग कर रहा है उस पर कार्रवाई नहीं हो रहा है जबकि ईमानदार अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई होती है.

देश में आने वाला है आर्थिक संकट

तेजस्वी ने राहुल गांधी के देश में आर्थिक संकट के बयान पर कहा कि निश्चित रूप से यह सही है. स्थिति आने वाले दिनों में भयानक होने वाली है. महंगाई और रोजगारी बढ़ रही है, डॉलर महंगी हो रही है, देश की संपत्ति बेची जा रही है. आने वाले समय में आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार की कोई विजन नहीं है. बल्कि देश को और बर्बाद कर रहे हैं.

निर्दलीय एमएलसी पर सरकार बना रही बहाना 

तेजस्वी यादव ने निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदन की सदस्यता रद्द किए जाने को ले कर कहा कि कुछ तकनीकी कारण तो बहाना बनाना है. उनलोगों ने भाजपा की सदस्यता ली है तो जवाब देने के लिए बहाना तो बनाएंगे ही, हमलोगों ने नियम का हवाला देकर आपत्ति जताई न. कोई निर्दलीय एमएलसी किसी दल की सदस्यता लेता है तो वह सदन सदस्यता रद्द की जानी चाहिए. उनकी विधिवत सदस्यता दिलाई गई, फिर भी बहाना बना रहे हैं.