☰
Bihar

तो साथ आयेंगे तेजस्वी और प्रशांत किशोर? लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने कहा 'MLC चुनाव के आंकड़े...'

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: देश भर में इन दिनों पूरा विपक्ष भाजपा और एनडीए को हराने के एकजुट होने की बात और कोशिश करती दिख रही है. हालांकि यह अलग बात है कि विपक्ष की कोशिश के बावजूद एनडीए लगातार जीत दर्ज कर रहा है. अब राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बड़ी नसीहत दी है. उन्होंने तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर को साथ आने की बात करते हुए कहा कि अगर यह दोनों ताकत साथ आ जाएं तो फिर भाजपा और एनडीए की हार निश्चित है.

रोहिणी आचार्य ने एमएलसी चुनाव परिणाम के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अगर विपक्ष एकजुट हो जाए तो फिर भाजपा और एनडीए को हराना आसान हो जायेगा. उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव में अगर राजद और जन सुराज के वोट जोड़ दिए जाएं तो भाजपा से अधिक हो जाता है ऐसे में अगर दोनों साथ आ जाएं तो उन्हें हराना आसान हो जाएगा.

रोहिणी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि बिहार में एमएलसी चुनाव ने एक बड़ा समीकरण दिया है. इस समीकरण से भाजपा और एनडीए को हराना आसान हो जाएगा. रोहिणी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि 'विपक्ष के बिखरने से हमेशा बीजेपी को फायदा मिला है. अगर विपक्ष एकजुट होकर, सही रणनीति और मजबूत जनाधार के साथ चुनाव लड़े और वोटों का बिखराव रोके, तो बीजेपी को हराना पूरी तरह संभव है, क्योंकि एकजुट विपक्ष के पास अधिक मजबूत सामाजिक और राजनीतिक समीकरण हैं. बिहार में हुए MLC चुनावों ने बिहार में BJP/ NDA को हराने का फार्मूला दे दिया है। TJ + PK = BJP/ NDA ZERO. राजद और जन सुराज को मिले वोट को अगर जोड़ दिया जाए तो BJP/NDA सभी 8 सीटों पर प्रथम चरण में ही हार जाएगी. आगे आगे देखिए होता है क्या!!

बता दें कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में एनडीए ने तीन सीटें जीतीं. इनमें भाजपा को दो और जदयू को एक सीट मिली. राजद ने दो सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि जन सुराज पार्टी ने एक सीट अपने नाम की. इसके अलावा दो निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी रहे. ये चुनाव शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए हुए थे. नतीजों के बाद रोहिणी आचार्य ने विपक्षी दलों के बीच एकजुटता की जरूरत बताते हुए तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर को साथ आने की सलाह दी है.

TagsBihar