☰
Bihar

'नीतीश सेतु' पर सियासत शुरू, लालू की बेटी ने लगाया 'क्रेडिट चोरी' का आरोप

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: पटना के कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच सड़क पुल का उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. इससे पहले ही अब इस पुल पर सियासत शुरू हो गई है. शुक्रवार को सीएम सम्राट ने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा तो अब इसे बदलने की मांग उठने लगी है. मामले में राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने राजनीतिक क्रेडिट लेने का आरोप लगाया है. रोहिणी ने कहा इस पुल के निर्माण की नींव लालू यादव ने मजबूत की थी इसलिए इसका नाम दूसरे व्यक्ति के नाम पर नहीं होना चाहिए.

श्रेय दूसरे व्यक्ति को नहीं मिले

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कच्ची दरगाह - बिदुपुर पुल का नाम बदले जाने को राजनीति करार देते हुए कहा कि इस पुल का नाम 'सामाजिक न्याय सेतु' होना चाहिए. रोहिणी ने कहा कि लालू यादव ने राघोपुर दियारा के समग्र विकास और पुल के माध्यम से जोड़ने के लिए निरंतर गंभीर, सार्थक और जमीनी प्रयास किया, इसलिए इसका श्रेय दूसरे व्यक्ति को नहीं दिया जाना चाहिए. इस पुल का नाम सामाजिक न्याय सेतु या फिर लालू यादव के नाम पर होना चाहिए.

रोहिणी ने लिखा

रोहिणी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि 'राघोपुर पुल का नाम या तो 'सामाजिक न्याय सेतु' होना चाहिए या फिर लालू जी के नाम पर ..यह जगजाहिर है कि आदरणीय लालू जी ने राघोपुर दियारा क्षेत्र के समग्र विकास और पुल के माध्यम से क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर गंभीर, सार्थक व् जमीनी प्रयास किया. आज राजनीतिक श्रेय लेने के लिए ऐतिहासिक राघोपुर पुल के निर्माण का श्रेय "दूसरों" के नाम किए जाने का निर्णय लिया गया है, जो अफसोसजनक है. राघोपुर की जनता चाहती है कि राघोपुर पुल का नाम या तो 'सामाजिक न्याय सेतु' होना चाहिए या फिर लालू जी के नाम पर, जिन्होंने इसके निर्माण के निर्णय की नींव मजबूत की. सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए नामकरण करने का कोई औचित्य नहीं है और ऐसे निर्णय पर सवाल उठना लाजिमी है.

सियासत होगी गर्म 

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर एनडीए लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है. ताबड़तोड़ बैठकें जारी है. इसी दौरान शुक्रवार को सीएम सम्राट ने घोषणा की कि इस पुल का नाम नीतीश सेतु रखा जाएगा, सीएम सम्राट की घोषणा का एनडीए के सभी घटक दलों ने स्वागत किया वहीं अब रोहिणी आचार्य के सोशल मीडिया पोस्ट से सियासत तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है.

TagsBihar