☰
Bihar

छठ के बीच बिहार में सियासी हलचल तेज, ललन सिंह ने नीतीश - सम्राट से की मुलाकात, चर्चाओं का बाजार गर्म

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार में एक तरफ छठ पर्व को लेकर उत्सवी माहौल है तो दूसरी तरफ सियासी गलियारे में भी हलचल देखी जा रही है. एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन को लेकर बैठक और तैयारी का सिलसिला जोरशोर से चल रहा है तो दूसरी तरफ जदयू भाजपा के बीच विधान परिषद चुनाव के दौरान उत्पन्न दूरी को कम करने की कवायद भी जारी है. इसी बीच शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा सीएम सम्राट से मुलाकात चर्चा का विषय बन गया है. हालांकि तीनों नेताओं के बीच मुलाकात का कारण और बातचीत के विषय की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

दिल्ली से पटना पहुंचते ही नीतीश - सम्राट से ललन सिंह ने की मुलाकात

दरअसल शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह दिल्ली से पटना पहुंचे. दौरान एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी. पटना आगमन के बाद ललन सिंह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर मुलाकात के लिए पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बातचीत हुई, इसके बाद वह सीएम सम्राट से मिलने 1 लोकसेवक आवास पहुंचे. पहले नीतीश कुमार और फिर सम्राट चौधरी के साथ मुलाकात की बात सामने आते ही सियासी गलियारे में हलचल तेज हो गई. हालांकि इन मुलाकातों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

21 को पीएम के दौरा को लेकर भी बैठकों का सिलसिला जारी

बता दें कि पीएम मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरा पर आ रहे हैं. वह वैशाली के राजापाकड़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कच्ची दरगाह - बिदुपुर 6 लेन सड़क पुल का उद्घाटन करेंगे साथ ही कई अन्य योजनाओं का भी शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. पीएम मोदी के आगमन को लेकर एनडीए नेता ताबड़तोड़ बैठकें कर रहे हैं. कहा जा रहा है कि पीएम मोदी के कार्यक्रम में लगभग 4 लाख के आसपास लोग पहुंचेंगे.

निशांत को मिल सकता है सम्राट सरकार में नं 2 की पोजिशन

वहीं दूसरी तरफ सम्राट कैबिनेट में फेरबदल की संभावना भी बताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार 15 दिसंबर के पहले ही सम्राट कैबिनेट में फेरबदल कर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. संभव है कि इस मुद्दे को लेकर भी जदयू और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मुलाकातें जारी है. हालांकि जानकारी यह भी मिल रही है कि नीतीश कुमार खुद निशांत को इतनी जल्दी बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के पक्ष में नहीं हैं, ऐसे में अगर बात नहीं बनती है तो फिर संभव है कि उत्तर प्रदेश चुनाव के बाद निशांत को बड़ी जिम्मेवारी दी जा सकती है. हालांकि भाजपा के विश्वस्त सूत्रों की मानें तो पार्टी उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार में सम्राट - निशांत की जोड़ी को उतारना चाहती है.

MLC चुनाव के दौरान जदयू में बढ़ा था अंतर्कलह

इसके साथ ही यह मुलाकात इसलिए भी चर्चा का विषय है कि विधान परिषद चुनाव के दौरान जदयू के पटना स्नातक निर्वाचन प्रत्याशी नीरज कुमार ने खुल कर ललन सिंह का विरोध किया था. इसके साथ ही नीरज कुमार का विरोध करने के आरोप में पार्टी ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पत्नी समेत 6 वर्षों के लिए बाहर कर दिया. विधान परिषद चुनाव परिणाम के बाद करीब एक सप्ताह पहले भी ललन सिंह ने सीएम सम्राट और नीतीश कुमार से मुलाकात की थी. इस दौरान भाजपा पर भी सहयोगी के विरोध का आरोप लगा था जिसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी पटना पहुंचें थे तथा नीतीश कुमार समेत कई नेताओं से मुलाकात की थी.

हालांकि इन मुलाकातों के मायने तो आने वाले वक्त में ही साफ हो पाएगा, लेकिन वर्तमान समय में सियासी गलियारे में कई तरह की चर्चाएं चल रही है.

TagsBihar