पटना: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह अपने घर लौट आए हैं. डॉक्टरों ने उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी है. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद नीरज कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हार्ट से जुड़ी कुछ परेशानी होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था. डॉक्टरों के इलाज के बाद अब वह ठीक हैं और अब छुट्टी भी मिल गई है. नीरज कुमार ने बताया कि उनके शरीर में एक मशीन पहले से लगी हुई है. अचानक शरीर में झटके महसूस हुए जिसके बाद अस्पताल में भर्ती होना पड़ा और यही वजह है कि दो दिन तक वह अपने मतदाताओं से भी दूर रहे.
बता दें कि नीरज कुमार पटना स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव में जदयू के उम्मीदवार हैं. इस सीट पर उनके विरुद्ध विपक्ष के कई अन्य प्रत्याशी भी हैं जबकि उन्हें सीधी टक्कर अपनी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह से मिल रही है. जदयू विधायक अनंत सिंह अपनी पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के विरुद्ध जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार में जुटे हुए हैं. दोनों के बीच जुबानी जंग भी बीते दिनों काफी चर्चा का विषय बना रहा और इसी वजह से अनंत सिंह ने नीरज कुमार के बीमार होने पर नाटक करार दिया था. अनंत सिंह ने कहा था कि अभी बूथ पर पैसे भेजने होंगे इसलिए बीमार हो कर अस्पताल में भर्ती हो गए, दो दिन बाद फिर ठीक हो जाएंगे. अनंत सिंह ने कहा था कि उनका यह पुराना नियम है. बता दें कि विधान परिषद चुनाव के लिए प्रचार भी आज शाम से थम जाएगा.
बता दें कि मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी नीरज कुमार से मुलाकात करने अस्पताल पहुंचे थे. उन्होंने नीरज कुमार से तबियत की जानकारी ली थी साथ ही डॉक्टर से भी पूरी जानकारी ली और जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी.