☰
Bihar

तैयार नहीं हो रहे थे तो रात भर में स्वास्थ्य मंत्री कैसे बन गए? आनंद मोहन ने एक बार फिर जदयू से पूछा तीखा सवाल

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार के बाहुबली नेता आनंद मोहन लंबे समय से उसी पार्टी के नेतृत्व पर लगातार हमलावर हैं जिस पार्टी से उनकी पत्नी सांसद और बेटा विधायक हैं. आनंद मोहन ने एक बार फिर जदयू के शीर्ष नेतृत्व पर जोरदार निशाना साधा है. इस बार उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे और बिहार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर पार्टी नेतृत्व पर तंज कसा. आनंद मोहन ने साफ शब्दों में कहा कि हमको जो कहना था हमने कह दिया है. अब उनसे पूछिए जो जदयू और एनडीए चला रहे हैं.

दरअसल आनंद मोहन मोतिहारी में एक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवाल के जवाब में कहा कि हमने तो पहले ही कहा था कि निशांत को मुख्यमंत्री बनना चाहिए. उस वक्त सब लोग कह रहे थे कि निशांत तैयार नहीं हो रहे हैं, अचानक स्वास्थ्य मंत्री बना दिया. जब वह तैयार ही नहीं थे तो फिर रात भर में कैसे स्वास्थ्य मंत्री बन गए. निशांत को न तो जननेता बनने दिया और न ही नेता, स्वास्थ्य मंत्री बना कर रख दिया. अब उनसे ही जा कर पूछिये जो कहते थे कि तैयार नहीं हो रहे हैं.

बता दें कि आनंद मोहन इससे पहले सम्राट कैबिनेट के गठन के दौरान भी जदयू नेतृत्व पर हमलवार हुए थे. उन्होंने उस वक्त भी निशांत को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही थी, साथ ही जदयू नेतृत्व पर कई और सवाल खड़े किए थे. उस वक्त कहा जा रहा था कि आनंद मोहन चाहते थे कि उनके बेटे चेतन आनंद को मंत्री बनाया जाए लेकिन ऐसा नहीं हुआ तो वह नाराज हैं. बता दें कि आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद जदयू से शिवहर की सांसद हैं जबकि बेटे चेतन आनंद औरंगाबाद के नबीनगर से विधायक है.

बता दें कि आनंद मोहन 1980-90 के दशक में बाहुबली नेता के रूप में उभर कर सामने आए थे और उन्हें सवर्णो का एक चेहरा भी माना जाता था.आनंद मोहन की बिहार की राजनीति में भी खास पकड़ रही है लेकिन गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की हत्या के आरोप में वह करीब 25 वर्षों तक जेल में भी रहे. आनंद मोहन की पकड़ अब भी राजपूत समाज पर मानी जाती है और वह किसी भी मुद्दे पर खुल कर बात करते हैं.

TagsBihar