पटना: परिसीमन विधेयक दुबारा सदन के पटल पर पेश किए जाने को लेकर केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा के विशेष सत्र का आह्वान किया है. परिसीमन विधेयक को लेकर दिल्ली से पटना और दक्षिण से उत्तर भारत तक राजनीति काफी तेज हो गई है. एक तरफ जहां सत्ता पक्ष के घटक दल परिसीमन के साथ ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेहतर कदम बता रही है तो दूसरी तरफ विपक्ष की कुछ पार्टियां भी समर्थन कर रही है वहीं कांग्रेस, राजद और सपा समेत कुछ अन्य विपक्षी पार्टियां विरोध कर रही है.
50 वर्षों में हुआ काफी बदलाव
परिसीमन विधेयक को लेकर एनडीए के प्रमुख घटक दलों में एक जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने विपक्ष पर जोरदार हमला किया तथा महिला आरक्षण विधेयक के विरोध को लेकर कहा कि इसका मतलब वह लोग सिर्फ परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाना समझते हैं. संजय झा ने परिसीमन में बदलाव को भी जरूरी बताया. राजधानी पटना में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अंतिम बार 1971-72 में परिसीमन में बदलाव हुआ था. पिछले 50 वर्षों में देश की आबादी काफी बढ़ी है. ऐसे में कई लोकसभा क्षेत्र हैं जहां जनप्रतिनिधि 5 सालों में भी कई इलाकों तक नहीं पहुंच पाते हैं. संजय झा ने कहा कि परिसीमन होने का सबसे बड़ा फायदा आमलोगों को होगा. उनके लिए स्थानीय सांसद सुलभ होंगे साथ ही जनप्रतिनिधि भी आसानी से अपने क्षेत्र में विकास कार्य कर सकेंगे.
महिलाएं बढ़ेंगी आगे, सदन तक पहुंचेंगी
इस दौरान संजय झा ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कहा कि देश में महिलाओं को सबसे पहले सशक्त करने का कदम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उठाया था. नीतीश कुमार ने सबसे पहले नगर निकाय और पंचायत में 50 प्रतिशत आरक्षण दी जिसके बाद आज बड़ी संख्या में महिलाएं पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधि बनी हैं. अब केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने जा रही है, जिसके महिलाएं विधानसभा और लोकसभा में चुन कर जाएंगी. इससे महिलाओं का विकास होगा और वह आत्मनिर्भर बनेंगी.
विपक्ष के लिए महिला आरक्षण का मतलब परिवार का विकास
परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक का विपक्ष के विरोध को लेकर संजय झा ने कहा कि विपक्ष कभी चाहती ही नहीं है कि महिलाएं आगे बढ़ें. उनके लिए महिला आरक्षण का मतलब सिर्फ अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाना है. जब वह लोग अपने परिवार से बाहर आएंगे तब इस विधेयक का मतलब समझ आएगा.