पटना: राजधानी पटना में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च किया. मार्च में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आयकर चौराहा से शुरू की और विधानमंडल के समीप शहीद स्मारक तक पहुंचने वाले थे लेकिन रास्ते में पुलिस ने आर ब्लॉक के समीप बैरिकेडिंग लगा कर रोक दिया. इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के बाहर भी जम कर हंगामा और नारेबाजी की. खबर है कि भाजपा कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की सुरक्षा बल के साथ नोंकझोंक भी हुई. इसके बाद मार्च आर ब्लॉक तक पहुंचा जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा कर रोक दिया.
कांग्रेस कार्यकर्ता आर ब्लॉक पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ कर आगे बढ़ गए. मार्च में शामिल होने के लिए पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भी हाथ में संविधान की किताब लेकर पहुंचे. इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि आज 26 नवंबर है और आज संविधान दिवस है. 26 नवंबर 1949 को हमारा संविधान औपचारिक रूप से अंगीकृत हुआ था. हमारे पूर्वजों ने कांग्रेस के आजादी की लड़ाई लड़ने वाले लोगों ने अपना खून पसीना लगा कर संविधान बनाया. आज भाजपा और संघ के लोग संविधान के मुख्य प्रस्तावना और हमारे अधिकार खत्म कर रहे हैं. ज्ञानेश कुमार जैसे लोग संवैधानिक पद पर बैठ कर वोट की चोरी कर भाजपा को फायदा पहुंचा रहे हैं.आज स्पष्ट हो गया है कि भाजपा जहां भी सत्ता में है वहां चुनाव आयोग वोट चोरी कर उन्हें जिताया है. जब जब देश में लोगों के अधिकार का हनन होगा, कांग्रेस हमेशा खड़ा होगी.