पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव बिहार विधान परिषद चुनाव में दो सीट मिलने से काफी गदगद हैं. शुक्रवार को तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए एक तरफ जहां खुशी जताते हुए मतदाता और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद कहा तो दूसरी तरफ उन्होंने एनडीए और भाजपा पर जमकर हमला भी किया. इस दौरान उन्होंने नाम लिए बगैर उन तीन बागी विधायकों पर भी तंज कसा जो 2024 में फ्लोर टेस्ट के दौरान राजद छोड़कर जदयू के समर्थन में आ गए थे.
बैलेट से चुनाव हुआ तो विपक्ष को मिली अधिक सीटें
तेजस्वी यादव ने एक बार फिर चुनाव आयोग और एनडीए पर निशाना साधा और कहा कि बार जब बैलेट पर चुनाव हुआ है तो एनडीए को मात्र तीन सीटें मिली है जबकि 5 सीट विपक्षी दल और उम्मीदवारों ने जीती है. इससे साफ पता चलता है कि भाजपा मशीन तंत्र और धनतंत्र का उपयोग कर कितना बड़ा वोट चोरी करती है. तेजस्वी यादव ने बैलेट से मतदान के बाद अपनी और विपक्षी पार्टियों की जीत पर खुशी जताई.
मतगणना में जान बुझ कर की जा रही थी देरी
तेजस्वी यादव ने कहा कि बैलेट से गिनती हो रही थी, तो देर होना तो स्वाभाविक है लेकिन जहां पर राजद उम्मीदवार जीत रहे थे उन सीटों पर मतगणना में काफी देरी की गई. हालांकि हम लोग तो समझ ही रहे थे कि क्या खेल चल रहा है लेकिन वहां हमारे कार्यकर्ता सतर्क थे और इस वजह से यह लोग कुछ कर नहीं पाए और अंततः हमारे उम्मीदवार को विजयी घोषित करना पड़ा. तेजस्वी ने मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी नहीं लगाए जाने को भी मुद्दा बनाया और कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी केंद्र से कुछ खबरें बाहर नहीं आ रही थी और ना ही बाहर की खबर अंदर जा रही थी. कहां क्या हो रहा है किसी को पता ही नहीं चल रहा था. हालांकि हम लोग नजर बनाए हुए थे और हमारे कार्यकर्ता पूरी तरह से मुस्तैद थे.
मीडिया पर भी कसा तंज
तेजस्वी ने मीडिया पर भी तंज कसा और कहा कि एक तरफ मतगणना जारी था और दूसरी तरफ कुछ मीडिया हाउस एजेंडा के तहत भाजपा के उम्मीदवार की जीत घोषित कर रहे थे. अंत में जब चुनाव आयोग ने घोषित किया तो पता चला कि वहां पर हमारे उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है. तेजस्वी ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और जनता अपने हिसाब से निर्णय भी ले रही है. आज जब बैलेट पर चुनाव हुआ है तो यह पता चल गया कि भाजपा और एनडीए का मशीन तंत्र और धनतंत्र नहीं चलने वाला है.
जदयू है समाप्ति की ओर
इस दौरान तेजस्वी ने जदयू और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तंज कसा और कहा मैंने पहले से ही कहा था कि 2025 के चुनाव के बाद जदयू खत्म हो जाएगी. हमने पहले यह भी कहा था कि यह लोग सिर्फ चुनाव के लिए नीतीश कुमार को आगे कर रहे हैं लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे. आज वही हुआ और नीतीश कुमार साइड हो गए. अब धीरे-धीरे जदयू समाप्ति की ओर जा रही है. इसके साथ ही मैंने पहले ही सदन में उन तीन लोगों के बारे में भी कहा था और आज आप देख रहे हैं कि उन तीनों की क्या हालत है.
कांग्रेस की रैली में जायेंगे तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने 1 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली में जाने की बात कहते हुए कहा कि हां मैं उसे रैली में जा रहा हूं और मैं अपने सभी साथियों से भी आग्रह करूंगा कि अगर आप संविधान बचाना चाहते हैं लोकतंत्र बचाना चाहते हैं तो इस रैली में अवश्य चलें. यह रैली संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित की जा रही है.
देखते जाइए होता है क्या
उन्होंने अनंत सिंह को 1 दिसंबर तक सरेंडर करने के कोर्ट के आदेश पर भी तंज कसते हुए कहा कि जब वह जेल जा रहे थे उसे समय उन्होंने कहा था कि हमें सरकार जेल भेज रही है फिर जब उधर चले गए तो वही सरकार अच्छी हो गई. आज फिर वही सरकार उन्हें जेल भेज रही है. यह सब खेल चलते रहता है और आप लोग भी बस देखते रहिए क्या होता है।