☰
Bihar

मोदी के बिहार दौरे से गदगद हुए मांझी! बोले- हर बार विकास को मिलती है नई रफ्तार, नीतीश का भी किया जिक्र

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान पीएम वैशाली के राजापाकड़ में आयोजित एक कार्यक्रम में बिहार को करोड़ों की सौगात देंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारी की जा रही है. एक तरफ प्रशासनिक महकमे में हलचल का माहौल है तो दूसरी तरफ एनडीए खेमे में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है. प्रधानमंत्री के दौरे को एनडीए ऐतिहासिक बता रहा है. इसी कड़ी में हम के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार आगमन राज्य के विकास की नई इबारत लिखेगा. बिहार के प्रति उनका स्नेह और संवेदनशीलता करोड़ों बिहारवासियों के लिए गौरव का विषय है.

पीएम का दौरा बिहार के विकास को देता है गति 

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार से रिश्ता केवल संवैधानिक दायित्वों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके मन में बिहार की ऐतिहासिक विरासत, यहां की संस्कृति, मेहनतकश जनता और राज्य के उज्ज्वल भविष्य के प्रति विशेष आत्मीयता और गहरा लगाव है. मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, राज्य के विकास को नई गति देने, यहां के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और बिहार को देश के विकास की मुख्यधारा में अग्रणी स्थान दिलाने के संकल्प के साथ आते हैं. उनका हर दौरा बिहार के लिए नई उम्मीद, नए अवसर और विकास की नई संभावनाएं लेकर आता है.

विकास पुरुष नीतीश कुमार के सम्मान में ऐतिहासिक पहल

मांझी ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री का वैशाली की ऐतिहासिक धरती पर आगमन बिहार के लिए गौरवपूर्ण अवसर है. इस दौरान कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल, जिसे 'नीतीश सेतु' नाम दिया गया है, राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा. यह सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को मजबूत करने के साथ व्यापार, पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा. बिहार के विकास पुरुष पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में एनडीए सरकार की ये महत्वपूर्ण पहल होगी.

बिहार के युवा पलायन के लिए मजबूर न हों

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वैशाली के जाफरपट्टी में औद्योगिक गलियारे से जुड़ी परियोजनाओं तथा अन्य जनोपयोगी विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी बिहार के औद्योगिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. लगभग 1650 एकड़ में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र से निवेश, उत्पादन और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं हैं. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संकल्प है कि बिहार का युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर न हो, बल्कि बिहार में ही उसे शिक्षा, कौशल, उद्योग और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों. बिहार की प्रतिभा, श्रमशक्ति और उद्यमशीलता को सही अवसर मिले तो यह राज्य देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है.

बिहार की धरती ने दी लोकतंत्र और ज्ञान की विरासत

मांझी ने कहा कि बिहार की धरती ने देश को लोकतंत्र, ज्ञान, संस्कृति और सामाजिक चेतना की समृद्ध विरासत दी है. यह वही भूमि है जिसने भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और लोकतांत्रिक गणराज्य की गौरवशाली परंपरा को दुनिया के सामने स्थापित किया. प्रधानमंत्री बिहार की इसी ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक विकास, बेहतर आधारभूत संरचना और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार के प्रति यह भावनात्मक जुड़ाव और विकास का विजन बिहार के करोड़ों लोगों के लिए विश्वास का आधार है. केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क, पुल, रेलवे, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के क्षेत्रों में हो रहे प्रयास आने वाले समय में बिहार की तस्वीर और तकदीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि बिहार अब अपनी ऐतिहासिक पहचान के साथ आधुनिक औद्योगिक और आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. 21 नवंबर का प्रधानमंत्री का दौरा इसी बदलते बिहार की आकांक्षाओं, आत्मविश्वास और विकास के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा.

TagsBihar