☰
Bihar

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद सियासी बवाल, राजद समर्थकों ने फाड़े पोस्टर, जमकर की नारेबाजी, विडिओ वायरल

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार में विकास की नई कड़ी के रूप में देखे जा रहे नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद अब इस पुल को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों लोकार्पण के कुछ ही समय बाद हाजीपुर में गंगा नदी पर बने इस पुल पर जमकर हंगामा हुआ. आरोप है कि राजद समर्थकों ने पुल पर लगे पोस्टर फाड़ दिए और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी की. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है.

राजद के झंडे लेकर पहुंचे समर्थक

उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद राजद के कुछ समर्थक नीतीश सेतु पर पहुंचे. उनके हाथों में पार्टी का झंडा था. वायरल वीडियो में समर्थक लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने पुल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के समर्थन में लगाए गए पोस्टरों को भी फाड़ दिया.

करीब 40 मिनट तक चलता रहा हंगामा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर समर्थकों की नारेबाजी और हंगामा करीब 40 मिनट तक चलता रहा. इस दौरान लगातार झंडे लहराए गए और राजनीतिक नारे लगाए गए. घटना के चलते कुछ समय के लिए पुल पर तनावपूर्ण माहौल बन गया. मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है. नीतीश सेतु, जिसे बिहार में बेहतर कनेक्टिविटी और विकास के लिहाज से अहम बताया जा रहा है, उसके उद्घाटन के तुरंत बाद इस तरह की घटना ने राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है.

फिलहाल वायरल वीडियो के बाद इस मामले को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं. विकास से जुड़े एक बड़े आयोजन के बाद पुल पर हुई इस घटना ने एक बार फिर बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का माहौल बना दिया है.

TagsBihar