पटना: एक तरफ बिहार में शराबबंदी है और पुलिस नशा के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है तो दूसरी तरफ रोज नए नए मामले सामने आ रहे हैं। आलम यह है कि नशा के अवैध कारोबारी अब खुल कर कारोबार कर रहे हैं। इसी कड़ी में पटना की पुलिस ने बाढ़ इलाके में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्मैक कारोबार के एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा करते हुए भाई बहन समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने करीब 2 लाख 62 हजार रूपए नकद, 25 पुड़िया स्मैक, 6 मोबाइल और उपयोग की जा चुकी 5 सिरिंज बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई फिल्मी स्टाइल में की गई जिसमें एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि सिंडिकेट का प्रतिदिन का करीब एक लाख रुपए से अधिक का कारोबार था।
गिरफ्तार कारोबारियों की पहचान ढेलवागोसाई मोहल्ला निवासी आरती कुमारी, पूजा देवी, पूजा के भाई और कथित संचालक आलोक कुमार, डिलीवरी ब्वॉय कर्मवीर कुमार, विजय कुमार और धर्मेंद्र कुमार के रूप में की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले एक नशेड़ी को पकड़ा और उसने पूछताछ में सिंडिकेट की जानकारी दी। इसके बाद सादे लिबास में पुलिसकर्मी ने मौके पर पहुंच कर पहले 3000 रुपए में स्मैक खरीदी फिर पूरे इलाके की नाकेबंदी कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने सिंडिकेट के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया जबकि इनके पास से 2 लाख 62 हजार रुपए नकद, 25 पुड़िया स्मैक, 6 मोबाइल बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि ये लोग लंबे समय से कारोबार कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार इस सिंडिकेट का पूरा सच सामने आ गया है और जरूरी पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने दावा किया कि इस सिंडिकेट को लेकर पूरी कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी जुटाई जा रही है।