Bihar

PMCH में खत्म हुई जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, मरीजों ने ली राहत की सांस

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (BIHAR) : बिहार की राजधानी पटना स्थित पीएमसीएच में पिछले दो दिनों से चल रही जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है. स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मिले आश्वासन के बाद पीएमसीएच जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने तत्काल प्रभाव से हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी है. इस फैसले से मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है.

प्रमुख मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा

जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सरकार की ओर से उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है. इसी भरोसे के आधार पर संगठन ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है. एसोसिएशन ने कहा कि सरकार ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है.

आश्वासन के बाद काम पर लौटने का निर्णय

डॉक्टरों ने अपने बयान में कहा कि मरीजों के हित और जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया है. उनका कहना है कि वे नहीं चाहते कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़े. इसलिए सरकार के आश्वासन के बाद उन्होंने काम पर लौटने का निर्णय लिया है.

अस्पताल की अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुई थी

गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर थे. इसका सबसे ज्यादा असर पीएमसीएच की ओपीडी सेवाओं पर पड़ा था. ओपीडी पूरी तरह ठप हो गई थी जिससे इलाज के लिए दूर-दराज से आने वाले सैकड़ों मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई मरीज बिना इलाज कराए वापस लौटने को मजबूर हो गए थे जबकि अस्पताल की अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं.

मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल प्रशासन को राहत

अब हड़ताल समाप्त होने के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है. मरीजों को फिर से ओपीडी और अन्य चिकित्सा सुविधाएं मिलने लगेंगी. वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जूनियर डॉक्टरों की मांगों पर जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो. इस फैसले से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल प्रशासन सभी को बड़ी राहत मिली है.

TagsBihar