पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 21 नवंबर को बिहार दौरा पर आयेंगे. प्रधानमंत्री के बिहार आगमन को लेकर एनडीए के सभी घटक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है. इसे लेकर सोमवार को जदयू कार्यालय में एनडीए की बैठक की गई. बैठक के दौरान पीएम मोदी के बिहार आगमन और उससे जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी गई. बैठक में एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे. बैठक के बाद गठबंधन के नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. जानकारी दी गई कि बिहार दौरे पर प्रधानमंत्री बिहार को सैकड़ों करोड़ रुपए की सौगात देंगे.
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के बिहार आगमन को ऐतिहासिक बनाया जाएगा. इसके लिए एनडीए के सभी 5 घटक दल के नेता और कार्यकर्ता अभी से तैयारियों में जुट गए हैं. उन्होंने कहा कि 20 नवंबर को एनडीए सरकार का एक वर्ष पूरा हो जाएगा. इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली पहुंचेंगे. उनके स्वागत और कार्यक्रम को खास बनाने के लिए एनडीए के सभी घटक दल मिलकर तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस दौरान पीएम मोदी कच्ची दरगाह - बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही वह कई अन्य योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि वैशाली में 1243 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है. इस भूमि पर पार्क निर्माण की योजना है. प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान बिहार के विकास से जुड़ी इन योजनाओं को भी प्रमुखता दी जाएगी. प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एनडीए नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का वैशाली आगमन ऐतिहासिक और यादगार होगा. नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री के आगमन के बाद वैशाली विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी. उनके दौरे को लेकर गठबंधन के कार्यकर्ता और नेता भी तैयारियों में जुटेंगे.