पटना ( PATNA) : बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित सहयोग कार्यक्रम में पहुंचे. इस दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.
सरकार सख्त कार्रवाई करेगी
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री ने कोचिंग संस्थानों को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षा के नाम पर गलत काम करने वाले और अवैध तरीके से कोचिंग चलाने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी. किसी को भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
हाल ही में कोचिंग संस्थानों के दो गुटों के बीच हुए विवाद में रौशन आनंद के भाई की मौत पर दुख जताते हुए मंत्री ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने साफ कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
नियमों का पालन करना होगा
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार में चल रहे सभी कोचिंग संस्थानों को नियमों का पालन करना होगा जो संस्थान बिना अनुमति या नियमों के खिलाफ संचालित हो रहे हैं उन पर जल्द बड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कोचिंग संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षा को व्यापार बनाने की कोशिश करने वालों पर सरकार की पैनी नजर है.
सरकार की प्राथमिकता
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता छात्रों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है. शिक्षा विभाग लगातार व्यवस्था को सुधारने की दिशा में काम कर रहा है और किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी और शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
