पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के बाद प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने अपनी गलतियों से सबक ली और विधान परिषद चुनाव में भी बड़ा उलटफेर किया है. एक तरफ जन सुराज पार्टी ने विधान परिषद।चुनाव में कांग्रेस की सीट पर कब्जा कर लिया तो दूसरी तरफ पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अब प्रदेश अध्यक्ष के गढ़ में सेंधमारी कर दी है. पहले विधानसभा उप चुनाव में जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का वह गढ़ जिस पर करीब 3 दशक से उनका और उनके पिता का कब्जा रहा, पर जीत दर्ज की. अब उनके शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार सुरेश राय ने प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के गढ़ दरभंगा में जीत दर्ज की. हालांकि यह सीट कांग्रेस के कब्जे में थी जिस पर अब पीके की पार्टी ने कब्जा जमा लिया है. खास बात ये कि दरभंगा से बीजेपी के ही सांसद गोपालजी ठाकुर हैं.
बिहार विधान परिषद के दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी सुरेश प्रसाद राय ने शानदार जीत हासिल की है. बेगूसराय के निवासी सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा को 1111 मतों से पराजित किया. देर रात निर्वाचन अधिकारी से जीत का प्रमाण पत्र मिलने के बाद मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों ने फूल-मालाओं, अबीर-गुलाल और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया. तीसरी बार चुनाव मैदान में उतरे सुरेश राय ने नौ वर्ष पहले शिक्षकों की सेवा के लिए अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने इस जीत का श्रेय शिक्षकों, कर्मचारियों और अपने समर्थकों को देते हुए उनके प्रति आभार जताया.