पटना: राजधानी पटना में विभिन्न मुद्दों को लेकर विभिन्न संगठन लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी कड़ी में एक बार फिर डिप्लोमा फार्मासिस्ट ऑर्गेनाइजेशन के छात्र सड़क पर उतरे और फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला. प्रदर्शनकारी छात्रों ने नारेबाजी करते हुए PCI के विरोध में पुतला दहन किया. विद्यार्थियों ने संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया. आक्रोश मार्च अगमकुआं स्थित राजकीय फार्मेसी संस्थान से शुरू हुआ. मार्च नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंचा, जहां विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया और पुतला फूंका. इस दौरान PCI के खिलाफ नारेबाजी की गयी.
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार चौधरी ने स्वास्थ्य मंत्रालय से फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया को अविलंब भंग करने की मांग की. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन नहीं करने के आरोप में PCI के अध्यक्ष और रजिस्ट्रार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग उठायी. उन्होंने अध्यक्ष और सचिव पर पद का दुरुपयोग करने तथा अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर डी फार्म विरोधी कार्य करने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया. हालांकि, ये आरोप आंदोलनकारियों की ओर से लगाए गए हैं. आंदोलनकारियों का कहना है कि PCI की कार्यप्रणाली से देशभर के लाखों डिप्लोमा फार्मासिस्ट हतोत्साहित हैं. विद्यार्थियों ने फार्मेसी शिक्षा और डिप्लोमा फार्मासिस्टों से जुड़े मुद्दों पर परिषद की भूमिका में बदलाव की मांग की.