पटना (PATNA) : भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह ने बिहार विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य के रूप में शपथ ली. शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य बिहार में फिल्म इंडस्ट्री को आगे बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि वह राज्य के कलाकारों के लिए बेहतर मंच और नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेंगे.
जिम्मेदारी को नहीं भूलेंगे
शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में पवन सिंह ने कहा कि वह राजनीति में आने के बाद भी अपनी पहचान और जिम्मेदारी को नहीं भूलेंगे. उन्होंने कहा, "मेरा काम फिल्म का है. मैं यहां फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए काम करूंगा. बिहार के कलाकारों के लिए ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार करने की कोशिश होगी, जहां उन्हें अपने हुनर को दिखाने का मौका मिले और रोजगार के नए अवसर भी बनें."
राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी
उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और बेहतर मंच के अभाव में कई कलाकारों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है. यदि राज्य में फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तो इससे कलाकारों के साथ-साथ तकनीशियन, संगीतकार, लेखक और अन्य लोगों को भी रोजगार मिलेगा. इससे बिहार की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी.
नए अवसर तैयार करने का उद्देश्य
पवन सिंह ने भरोसा दिलाया कि वह विधान परिषद में कलाकारों और फिल्म उद्योग से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने का भी है.
शपथ ग्रहण के बाद पवन सिंह के इस बयान को भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के बीच काफी सकारात्मक माना जा रहा है. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि वह अपने इस संकल्प को किस तरह जमीन पर उतारते हैं.
