पटना (PATNA): जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के हेतनपुर गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां रविवार को गांव के पांच दोस्त गंगा नदी में नहाने के लिए घाट पर गए थे. नहाने के दौरान अचानक तीन बच्चों का पैर गहरे पानी में चला गया और वे तेज धारा में बहने लगे. किनारे पर मौजूद दो दोस्तों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण वे अपने दोस्तों को बचा नहीं पाए. अंततः देखते ही देखते तीनों बच्चे पानी की गहराई में समा गए. इसके बाद घबराए हुए दोनों दोस्त तुरंत गांव पहुंचे और परिजनों को इस हादसे की जानकारी दी.
इस भयावह हादसे की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा तफरी मैच गई. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिजन गंगा घाट पहुंचे. जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से काफी खोजबीन के बाद तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने ईसीजी जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.
बता दें, मृतकों की पहचान हेतनपुर निवासी धर्मवीर राय के 10 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार, सत्येंद्र राय के 11 वर्षीय पुत्र तेज कुमार और अमिताभ कुमार के 7 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. एक साथ तीन मासूमों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. अंचलाधिकारी (सीओ) चंदन कुमार ने बताया कि तत्काल राहत के रूप में मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है. इसके अतिरिक्त, आपदा प्रबंधन विभाग की गाइडलाइंस के अनुसार प्रत्येक पीड़ित परिवार को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
