Bihar

Patna News: बेली रोड के चौड़ीकरण को मंजूरी, 7.20 KM सड़क पर खर्च होंगे 39.80 करोड़ रुपये

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना(PATNA): प्रमुख और व्यस्त मार्गों में शामिल बेली रोड पर आने वाले समय में वाहनों को ज्यादा जगह मिल सकती है. डाकबंगला चौराहा से रुकनपुरा तक करीब 7.20 किलोमीटर लंबे हिस्से को चौड़ा करने की योजना को मंजूरी मिली है. इस परियोजना पर लगभग 39.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए उपलब्ध राइट ऑफ वे का इस्तेमाल किया जाएगा. जिन स्थानों पर अतिरिक्त जगह की आवश्यकता होगी, वहां मौजूदा नाले और फुटपाथ में भी जरूरी बदलाव किए जाएंगे. इसका उद्देश्य सड़क की क्षमता बढ़ाने के साथ ट्रैफिक संचालन को अधिक सुगम बनाना है.

चार प्रमुख स्थानों पर पीछे की जाएगी बाउंड्री वॉल

बेली रोड पर कुछ हिस्सों में सीमित जगह के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है. इसे दूर करने के लिए कई सरकारी परिसरों की बाउंड्री वॉल पीछे की जाएगी. कोतवाली थाना के पास 150 मीटर, नियोजन भवन के पास 400 मीटर, बीपीएससी कार्यालय के पास 500 मीटर और मौर्यालोक क्षेत्र में करीब 110 मीटर की बाउंड्री वॉल को शिफ्ट करने की योजना है. इस बदलाव से सड़क के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा और व्यस्त समय में वाहनों के दबाव को संभालने में मदद मिल सकती है.

राजा बाजार ओवरब्रिज की सर्विस लेन में लगेगी ग्रिल

लोहिया पथ फ्लाईओवर यानी राजा बाजार ओवरब्रिज के दोनों तरफ बनी सर्विस लेन को भी व्यवस्थित किया जाएगा. अतिक्रमण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से करीब पांच किलोमीटर लंबी ग्रिल लगाने की योजना है. इसके साथ बिजली, टेलीकॉम और दूसरी जरूरी सेवाओं से संबंधित यूटिलिटी को आवश्यकता के अनुसार शिफ्ट किया जाएगा. वाहन चालकों की सुविधा के लिए नए ट्रैफिक और दिशा-सूचक साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे.

दीघा पुल के पहुंच पथ को लेकर भी बड़ा फैसला 

कैबिनेट ने दीघा सड़क-सह-रेल पुल के पहुंच पथ से संबंधित जमीन हस्तांतरण को भी मंजूरी दी है. दानापुर अंचल के धनौत, जलालपुर और रुकनपुरा मौजा की 1.5587 एकड़ जमीन रेलवे को दी जाएगी. इसके अलावा जल संसाधन विभाग की 17.085 एकड़ जमीन पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित की जाएगी. बेली रोड चौड़ीकरण से राजधानी के महत्वपूर्ण हिस्से में सड़क की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है. चौड़ीकरण, सर्विस लेन प्रबंधन, अतिक्रमण नियंत्रण और यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम पूरा होने के बाद बेली रोड पर ट्रैफिक संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकता है. इसका फायदा रोजाना इस मार्ग से सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों को मिलने की उम्मीद है.

 

TagsBihar