टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बिहार की राजधानी पटना से मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को उसके मायके जाकर गोली मार दी. जानकारी के मुताबिक, घरेलू विवाद की वजह से पति-पत्नी के बीच तलाक का मुकदमा चल रहा है, जिससे पति काफी ज्यादा नाराज था. वहीं, गुस्से में आकर वह अपने ससुराल पहुंचा और अपनी पत्नी को गोली मार दी. पूरा मामला पुनपुन प्रखंड के पिपरा थाना क्षेत्र के सैदपुर लोदीपुर का है, जहां महिला की हालत गंभीर है और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ़्तार
वहीं, पुलिस ने गोली मारकर भाग रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का नाम सूरज कुमार है. बताया जा रहा है कि फायरिंग में इस्तेमाल कट्टा, बाइक और मोबाइल को पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस का कहना है कि सूरज कुमार और उसकी पत्नी रंजू कुमारी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. दोनों की शादी 2021 में हुई थी, लेकिन शादी के बाद संबंध कुछ अच्छे नहीं रहे और मामला कोर्ट तक पहुंच गया. दोनों के बीच तलाक का मुकदमा चल रहा है. इसी दौरान सूरज ने दूसरी युवती से शादी कर ली और औरंगाबाद में रहने लगा.
बढ़ते खर्चे को लेकर था परेशान
परिजनों की मानें तो कोर्ट में चल रहे तलाक के मुकदमे और खर्चे को लेकर सूरज परेशान था, जिसको लेकर वह पहली पत्नी के मायके पहुंचा. किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई और उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी. गोली लगने के बाद महिला जमीन पर गिर पड़ी. वहीं, घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. महिला को अस्पताल पहुंचाया गया. वारदात के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया.पिपरा थाना अध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि घायल महिला के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से फायरिंग में इस्तेमाल कट्टा, मोबाइल और बाइक को जब्त किया गया है. वहीं, फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
