Bihar

भरत तिवारी एनकाउंटर मामला : STF जवान की गिरफ्तारी पर डीजीपी का बड़ा बयान, जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार के चर्चित भरत एनकाउंटर मामले और एसटीएफ के एक जवान की गिरफ्तारी को लेकर बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब तक जो भी कार्रवाई हुई है, वह पूरी तरह अनुसंधान के आधार पर की गई है. यदि जांच के दौरान आगे और लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

जांच लगातार जारी है

डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि इस मामले की जांच लगातार जारी है.पुलिस हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ बिना साक्ष्य के कार्रवाई नहीं होगी. लेकिन यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसे बख्शा भी नहीं जाएगा.

आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे

उन्होंने बताया कि इस मामले में न्यायिक जांच (ज्यूडिशियल इंक्वायरी) भी चल रही है. न्यायिक जांच और पुलिस अनुसंधान दोनों अपनी-अपनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रहे हैं. दोनों जांचों से जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे.

डीजीपी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और पुलिस निष्पक्ष तरीके से अपना काम कर रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें.

जांच अभी खत्म नहीं हुई है

गौरतलब है कि भारत एनकाउंटर मामले में एसटीएफ के एक जवान की गिरफ्तारी के बाद यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. इस बीच डीजीपी के बयान से साफ हो गया है कि जांच अभी खत्म नहीं हुई है और जरूरत पड़ने पर आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

 

TagsBihar