पटना (PATNA) : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित सहयोग शिविर में आम जनता की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर शिविर में पहुंचे. सुबह से ही सचिवालय परिसर के बाहर फरियादियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं.
मुख्यमंत्री के समक्ष व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं रखी
शिविर में पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं रखीं. इनमें जमीन पर अवैध कब्जा, राजस्व संबंधी विवाद, सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहने, प्रशासनिक लापरवाही और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं. कई फरियादियों ने बताया कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहले पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर आवेदन दे चुके हैं लेकिन संतोषजनक समाधान नहीं मिलने के कारण उन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखने के लिए पटना आना पड़ा.
अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. शिविर में भूमि विवाद और जमीन पर कब्जे से जुड़े मामले विशेष रूप से सामने आए. सहयोग शिविर के माध्यम से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है. सरकार का उद्देश्य ऐसे कार्यक्रमों के जरिए लंबित मामलों के समाधान में तेजी लाने के साथ प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करना है. शिविर में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों के पास आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया.
