Bihar

चिराग पासवान की सुरक्षा को लेकर DGP से मिले LJP नेता, धमकी देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की उठी मांग

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की सुरक्षा को लेकर बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल सरदार पटेल भवन स्थित DGP कार्यालय पहुंचा और चिराग पासवान की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग रखी. प्रतिनिधिमंडल में विधान परिषद सदस्य अशरफ अंसारी, विधायक राजू तिवारी सहित पार्टी के अन्य नेता शामिल रहे. पार्टी नेताओं ने DGP को एक ज्ञापन सौंपते हुए चिराग पासवान को कथित तौर पर मिली जान से मारने की धमकी के मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की.

धमकी के मामले में कार्रवाई की मांग

पार्टी नेताओं का कहना है कि चिराग पासवान एक प्रमुख राजनीतिक और सार्वजनिक चेहरा हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा से जुड़ी किसी भी धमकी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए. प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से धमकी से जुड़े मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.इसके साथ ही नेताओं ने चिराग पासवान को वर्तमान में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और आवश्यकता के अनुसार इसे और मजबूत करने का मुद्दा भी DGP के सामने उठाया.

पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर भी हुई चर्चा

DGP से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मामले में पुलिस की ओर से अब तक उठाए गए कदमों को लेकर भी चर्चा की. पार्टी नेताओं ने जानना चाहा कि धमकी से जुड़े मामले की जांच किस स्तर तक पहुंची है और सुरक्षा के लिहाज से आगे क्या कदम उठाए जा रहे हैं. लोजपा (रामविलास) के नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिक मांग चिराग पासवान की सुरक्षा सुनिश्चित करना और धमकी देने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है. इस पूरे मामले को लेकर लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और विधायक राजू तिवारी ने भी अपनी बात रखी. पार्टी की ओर से चिराग पासवान की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग दोहराई गई.

TagsBihar