☰
Bihar

दुर्गा पंडालों में हादसे के बाद पटना में प्रशासन सतर्क, डीएम-एसएसपी ने घूम कर किया निरीक्षण

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना (PATNA): देश के विभिन्न राज्यों में शनिवार से रविवार तक में भीषण हादसे के बाद राजधानी पटना में जिला प्रशासन सतर्क हो गया है. रविवार को पटना के डीएम कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को कई निर्देश भी दिए. निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने पंडालों में दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास, भीड़ प्रबंधन तरह सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रवेश एवं निकास द्वारों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखी जाए, ताकि भीड़ का अनावश्यक दबाव या अव्यवस्था उत्पन्न न हो.

आपसी समन्वय से स्थिति को करें नियंत्रित

डीएम और एसएसपी ने कहा कि देश में कई जगह भीड़ प्रबंधन में मामूली चूक के कारण अप्रिय घटनाएं हुई हैं. इन घटनाओं से सीख लेते हुए सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें तथा पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने निर्धारित स्थलों पर मुस्तैद रहें, भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी संभावित समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आपसी समन्वय से स्थिति को नियंत्रित करें. उन्होंने सभी प्रमुख पूजा पंडालों में एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके और आवश्यक सूचनाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भीड़ प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करें, ताकि दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो. 

TagsBihar