Bihar

पटना: फतुहा में युवक को मारी गोली, खून से लथपथ हालत में खुद पहुंचा थाना, पढ़िए पूरा मामला 

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना (PATNA): राजधानी पटना के फतुहा-खुसरूपुर बॉर्डर इलाके में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहां बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. हैरानी की बात यह रही कि गोली लगने के बाद भी युवक ने हिम्मत नहीं हारी और करीब 5 किलोमीटर तक बाइक चलाकर खुद पुलिस तक पहुंच गया.घायल युवक की पहचान नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के पती बीघा गांव के रहने वाले उपेंद्र प्रसाद के बेटे 27 वर्षीय विकास कुमार उर्फ सिकंदर के रूप में हुई है.

खून से लथपथ हालत में खुद पहुंचा थाना

बताया जा रहा है कि विकास किसी काम से जा रहा था, तभी फतुहा-खुसरूपुर बॉर्डर के पास बंजारा होटल के आसपास तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया और उस पर फायरिंग कर दी.गोली लगते ही वह घायल हो गया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए बाइक संभाली और सीधे पुलिस की ओर निकल पड़ा.खून से लथपथ हालत में वह करीब 5 किलोमीटर बाइक चलाकर पुलिस टीम तक पहुंचा.पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया.हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया.फिलहाल विकास का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

पढ़ें विवाद की वजह 

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा लग रहा है, लेकिन अभी सभी एंगल से जांच की जा रही है.मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी हो रही है.पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी.

TagsBihar