पटना (PATNA): विश्व रक्तदाता दिवस के पावन अवसर पर रविवार, 14 जून को पटना स्थित आईएएस भवन के सभागार में जनसेवा और मानवता की एक बेमिसाल तस्वीर देखने को मिली. यहाँ आईएएस एसोसिएशन सहित अन्य ऑल इंडिया सर्विस एसोसिएशनों और उनके ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस भव्य शिविर का विधिवत शुभारंभ बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और प्रधान मुख्य वन संरक्षक प्रभात कुमार गुप्ता समेत कई गणमान्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस पुनीत अभियान में विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं के अधिकारियों के साथ-साथ आम कर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 190 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया.
शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि रक्तदान वास्तव में जीवनदान है और इससे बड़ा पुण्य कार्य संसार में कोई दूसरा नहीं हो सकता. यह एक ऐसा मानवीय कदम है जो बिना किसी आर्थिक खर्च के किसी मरणासन्न और जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है. उन्होंने इस दौरान पिछले छह वर्षों से समाज सेवा में जुटी 'माँ ब्लड सेंटर' की जमकर सराहना की और लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की. वहीं डीजीपी विनय कुमार ने इसे मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की यह भागीदारी समाज के अन्य वर्गों के लिए बेहद प्रेरणादायक साबित होगी.
इस रक्तदान महाअभियान को सफल बनाने में मां वैष्णो देवी सेवा समिति द्वारा संचालित 'माँ ब्लड सेंटर' (दरियापुर, पटना) ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया, जिसका सफल संचालन दीपक कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन और संस्था के प्रतिनिधि श्री मुकेश हिसारिया व उनकी टीम की देखरेख में हुआ. रक्तदान करने वाले प्रमुख चेहरों में एडीजी कुंदन कृष्णन, म्युनिसिपल कमिश्नर यशपाल मीणा, डीएफओ पीयूष बरनवाल, आईएएस संतोष कुमार मल्ल, आईएएस दिवेश सेहरा और आईएएस निशा मणि जैसे दिग्गज अधिकारी शामिल रहे. इसके साथ ही पटना जू के कर्मचारियों, फॉरेस्ट गार्डों और वनपालों ने भी पूरे उत्साह के साथ स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिन्हें कार्यक्रम के अंत में अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
