Bihar

यात्रीगण कृपया ध्यान दे.. छपरा-आनंद विहार के बीच चलेगी नई साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन, 28 जून से शुरू होगी सेवा

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
यात्रीगण कृपया ध्यान दे.. छपरा-आनंद विहार के बीच चलेगी नई साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन, 28 जून से शुरू होगी सेवा

पटना (PATNA): ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दिल्ली और बिहार के बीच रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने छपरा-आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12527/12528) के परिचालन का निर्णय लिया है. इस नई ट्रेन के शुरू होने से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा और तेज विकल्प मिलेगा. रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 12527 अपनी नियमित सेवा 28 जून से छपरा से शुरू करेगी, जबकि ट्रेन संख्या 12528 आनंद विहार टर्मिनल से 29 जून से नियमित रूप से संचालित होगी. इस सुपरफास्ट ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को भीड़भाड़ के बीच एक अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आरामदायक हो सकेगी.

इसके साथ ही रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन संख्या 12527 प्रत्येक रविवार को रात 8:50 बजे छपरा से रवाना होगी और अगले दिन सोमवार को दोपहर 2:00 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी. वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 12528 प्रत्येक सोमवार को शाम 4:25 बजे आनंद विहार टर्मिनल से प्रस्थान करेगी और अगले दिन मंगलवार सुबह 9:40 बजे छपरा पहुंचेगी. यह सुपरफास्ट ट्रेन अपने पूरे मार्ग में बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ठहरेगी. इससे इन शहरों के यात्रियों को भी सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा.

इस परिचालन से नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को यात्रा के लिए एक नया और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा. ट्रेन में जनरल, स्लीपर और वातानुकूलित (एसी) कोच उपलब्ध रहेंगे, जिससे विभिन्न श्रेणी के यात्री अपनी आवश्यकता और बजट के अनुसार यात्रा कर सकेंगे. रेलवे ने यात्रियों से समय पर टिकट बुक कराने और यात्रा से पहले ट्रेन के समय एवं अन्य जानकारी की पुष्टि करने की अपील की है. इस नई सेवा से क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूती मिलने के साथ-साथ यात्रियों की आवाजाही भी अधिक सुगम होने की उम्मीद है.