☰
Bihar

पटना के मल्टी मॉडल हब में अब फ्री नहीं होगी पार्किंग! अक्टूबर से देना होगा शुल्क

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना(PATNA): राजधानी पटना के GPO गोलंबर के पास तैयार मल्टी मॉडल हब में अक्टूबर से वाहनों की पार्किंग के लिए शुल्क देना होगा. पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड हब और इससे जुड़े 440 मीटर लंबे सब-वे के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपने की तैयारी कर रही है. हालांकि, कार और अन्य वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क की दर अभी तय नहीं हुई है.

दूसरे पार्किंग स्थलों की दरों का हो रहा अध्ययन

पार्किंग शुल्क निर्धारित करने से पहले पटना जंक्शन, एयरपोर्ट और शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों पर लागू दरों का अध्ययन किया जा रहा है. नियमित रूप से यहां वाहन पार्क करने वालों के लिए मंथली पास की सुविधा भी शुरू करने की योजना है.

सेंसर और ANPR कैमरे से होगी स्मार्ट पार्किंग

मल्टी मॉडल हब में आधुनिक स्मार्ट पार्किंग मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जा रहा है. वाहन के प्रवेश करते ही सेंसर उसे डिटेक्ट करेगा और ANPR कैमरा नंबर प्लेट स्कैन करेगा. इसके बाद सिस्टम अपने आप टिकट जारी करेगा और बूम बैरियर खुल जाएगा. इससे पार्किंग में प्रवेश तेज और व्यवस्थित होने की उम्मीद है.

225 कार और 32 बसों की पार्किंग क्षमता

हब के ग्राउंड फ्लोर पर छह कार और 32 बसें खड़ी हो सकेंगी. पहली मंजिल पर 67 कारों की जगह होगी, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर 76-76 कारें पार्क की जा सकेंगी. इस तरह कुल 225 कारों की पार्किंग क्षमता उपलब्ध होगी. वहीं रोटरी पार्किंग सिस्टम में एक साथ 96 बाइक खड़ी की जा सकेंगी.

रेस्तरां, दुकान और EV चार्जिंग की सुविधा

यात्रियों की सुविधा के लिए हब में 4,763 वर्गफुट का रेस्तरां, पांच दुकानें, ATM और EV चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं. सब-वे में भी छह दुकानें होंगी. नई पार्किंग व्यवस्था शुरू होने से GPO गोलंबर और आसपास सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग की समस्या कम होने की उम्मीद है.

TagsBihar