☰
Bihar

बिहार विधानसभा में छात्रों के समर्थन में विपक्ष का प्रदर्शन, सदन की कार्यवाही स्थगित

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : राजधानी पटना में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पुलिस फायरिंग के विरोध की गूंज अब बिहार विधानसभा तक पहुंच गई. इस मुद्दे को लेकर विधानसभा में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी.

विपक्ष के सभी विधायक वेल में पहुंच गए

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सभी विधायक अपनी सीटों से उठकर वेल में पहुंच गए. उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. विपक्ष का आरोप था कि छात्रों के साथ पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए.

छात्रों पर हुई कार्रवाई का कड़ा विरोध

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में विपक्षी विधायकों ने सरकार को घेरते हुए छात्रों पर हुई कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया. विपक्ष ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज और फायरिंग जैसी कार्रवाई करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उन्होंने सरकार से इस मामले में जवाब देने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की.

दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित

विपक्ष के लगातार हंगामे और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही. स्थिति सामान्य नहीं होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.

राज्य की सियासत और गर्म 

इस घटनाक्रम के बाद राज्य की सियासत और गर्म हो गई है. विपक्ष लगातार छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है, जबकि सरकार की ओर से अभी तक सदन में इस मामले पर विस्तृत जवाब सामने नहीं आया है.

अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाती है और छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई की जांच को लेकर क्या फैसला लिया जाता है. विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे विधानसभा के भीतर और बाहर अपना विरोध जारी रखेंगे.

 

TagsBihar