पटना (PATNA): रक्षाबंधन और बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया. इस मौके पर उन्होंने बिहार समेत देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और लोगों से पौधरोपण तथा वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की.
भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व है रक्षाबंधन
नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह, विश्वास और समर्पण के रिश्ते को मजबूत करने वाला पवित्र पर्व बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन का विशेष महत्व है. यह त्योहार पारिवारिक मूल्यों के साथ समाज में आपसी भाईचारे, सम्मान और सौहार्द की भावना को बढ़ावा देता है. उन्होंने कामना की कि रक्षाबंधन का पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए. साथ ही समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी प्रेम और सम्मान का रिश्ता और मजबूत हो.
वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधकर दिया खास संदेश
रक्षाबंधन के साथ मनाए जाने वाले बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस पर नीतीश कुमार ने वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा. इस पहल के माध्यम से उन्होंने लोगों को पेड़-पौधों की रक्षा करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन और प्रकृति के संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है. इसके लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ पहले से मौजूद वृक्षों की सुरक्षा भी जरूरी है.
लोगों से की एक पौधा लगाने की अपील
रक्षाबंधन के अवसर पर नीतीश कुमार ने अपनी तीनों बहनों से राखी बंधवाई. इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर जिस तरह भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा और साथ निभाने का संकल्प लेते हैं, उसी भावना से प्रकृति और वृक्षों की रक्षा का संकल्प भी लिया जाना चाहिए. इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप-नेता ललन कुमार सर्राफ और मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी मौजूद रहे.
