Bihar

बचके रहना रे बाबा! Facebook पर दोस्ती, फिर धीरे-धीरे प्यार, युवक ने इस तरह गवां दिए 70 लाख 

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):सोशल मीडिया के जमाने में सब कुछ डिजिटल हो चुका है. एक तरफ जहां लोग अपने जरूरी काम को फटाफट निपटा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया अब प्यार, मोहब्बत और धोखे का भी दूसरा प्लेटफॉर्म बन रहा है. जहां लोग जाने-अंजाने में बिना सोचे-समझे ऐसे अनजान लोगों से दोस्ती कर बैठते हैं, जिनको आज से पहले कभी जानते तक नहीं थे और भरोसा इतना कर लेते हैं जैसे जन्मों का रिश्ता हो. इसके बाद शुरू होता है धोखे का ऐसा खेल, जिसमें फंसने के बाद लोगों को समझ में नहीं आता है कि उनके साथ क्या हुआ है.दरअसल, आज हम यह बात इस तरह कर रहे हैं, क्योंकि बिहार की राजधानी पटना से साइबर ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जहां 3 महीनों की दोस्ती में युवक अपने 70 लाख रुपये गंवा बैठा.

सोशल मीडिया पर बचकर करें किसी से दोस्ती

आपको बता दें कि सोशल मीडिया एक तरफ जहां आपकी जरूरतें पूरी करता है और इसके कई फायदे हैं, तो दूसरी तरफ इसके कई नुकसान भी हैं. इसे सोच-समझकर सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया, तो फिर यह आपके लिए परेशानी का सबब बन जाता है. बताया जा रहा है कि यहां फेसबुक के जरिए दोस्ती करने के बाद एक निजी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी को भारी मुनाफे का झांसा दिया गया. लड़की ने दोस्ती का फायदा उठाने के लिए युवक से वीडियो कॉल पर बात की. लगातार बात करने की वजह से युवक को लड़की पर काफी विश्वास हो गया. इसके बाद लड़की ने अपने परिचित की कंपनी का नाम लेकर उसमें निवेश करने की सलाह दी, जिसके बाद युवक ने उसकी बातों पर भरोसा करते हुए अपने जीवन भर की कमाई 70 लाख रुपये निवेश कर दिए.वहीं, जब युवक ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो वह पैसा नहीं निकला. तब उसे समझ में आया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है और वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है, जिसके बाद उसने साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई.

एक गलत फैसला और सारी कमाई बर्बाद

बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक गया जिले का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में पटना के सगुना मोड़ इलाके में रहता है. पीड़ित पिछले 20 साल से एक निजी कंपनी में काम कर रहा है और काफी पैसे सेव करके रखे थे. लेकिन 3 महीने पहले फेसबुक पर उसकी एक लड़की से दोस्ती हो गई. दोस्ती के बाद दोनों वीडियो कॉल पर बात करने लगे. युवक को लड़की पर इतना ज्यादा भरोसा हो गया कि उसने एक फर्जी कंपनी में 70 लाख रुपये का निवेश कर दिया. युवक को लगा कि इससे उसे भारी मुनाफा मिलेगा, लेकिन जैसे ही उसने पैसे निकालने की कोशिश की, तो पैसे नहीं निकले. उसने कई बार प्रयास किया, तब जाकर उसे शक हुआ कि शायद उसने फर्जी कंपनी में निवेश किया है और वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है.

आप भी सावधान रहिए

वहीं, मामले के सामने आने के बाद अब पुलिस यूटी और उसे जारी किए जा रहे नेटवर्क की जांच कर रही है, जिसमें साइबर ठगी की जाती है. पुलिस उस युवती की तलाश कर रही है, जो युवक को 3 महीने से दोस्ती के जाल में फंसाकर धीरे-धीरे कर 70 लाख रुपये का निवेश करवाकर अपने खाते में ट्रांसफर करवा चुकी है.वहीं, आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर रोजाना कई साइबर ठगी के मामले सामने आते हैं. ऐसे में आपको समझदारी से काम लेना ही जरूरी है, वरना आपकी जिंदगी भर की गाढ़ी कमाई 1 मिनट में बर्बाद हो सकती है. इसलिए सोशल मीडिया पर यदि आप किसी से दोस्ती करते हैं, तो केवल उतना ही भरोसा रखें, जितना कि आपके जीवन पर उसका कोई बुरा असर न पड़े.

TagsBihar